नई दिल्ली: देश में इस समय सामान्य से लगभग 40 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की जा रही है, लेकिन संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने जिला स्तर पर आकस्मिक (कंटीजेंसी) योजनाएं तैयार कर रखी हैं। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि आयुक्त पी.के. सिंह ने कहा कि, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पर्याप्त खाद्यान्न भंडार के कारण फसल उत्पादन पर किसी बड़े प्रभाव की आशंका कम है। फिक्की (FICCI) द्वारा आयोजित इंडिया इनोवेटिव क्रॉप न्यूट्रिशन कॉन्क्लेव 2026 के दौरान ‘एएनआई’ से बातचीत में सिंह ने बताया कि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) से प्राप्त जानकारी के आधार पर सभी जिलों के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार किए गए हैं।उन्होंने कहा कि, जहां और जब भी वर्षा की स्थिति इसकी मांग करेगी, वहां इन योजनाओं को तुरंत लागू किया जाएगा।
2015 के एल-नीनो की तुलना में बेहतर स्थिति…
पी.के. सिंह ने कहा कि, वर्तमान हालात कुछ हद तक वर्ष 2015 के एल-नीनो जैसे हैं, लेकिन तब की तुलना में अब देश की सिंचाई क्षमता काफी बढ़ चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में सिंचाई ढांचे में बड़े पैमाने पर सुधार हुआ है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है। कृषि आयुक्त ने कहा कि, देश के पास चावल और गेहूं का पर्याप्त भंडार मौजूद है, जिससे किसी भी संभावित आपूर्ति संकट का सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा, चावल और गेहूं का स्टॉक बेहद संतोषजनक स्थिति में है। यदि भविष्य में किसी प्रकार की कमी उत्पन्न होती है, तो सरकार उसे दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। जरूरत पड़ने पर आयात का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।
कम बारिश होने पर दलहन फसलों की ओर रुख…
पी.के. सिंह ने बताया कि, जब मानसून में देरी होती है या सूखे जैसी स्थिति बनती है, तो किसान अक्सर कम अवधि में तैयार होने वाली और कम पानी की आवश्यकता वाली दलहन फसलों की खेती की ओर रुख करते हैं। उन्होंने कहा कि, यह एक सकारात्मक पहलू है, क्योंकि ऐसी फसलें कम पानी में भी बेहतर उत्पादन दे सकती हैं और किसानों को नुकसान से बचाने में मदद करती हैं। कृषि आयुक्त ने कहा कि, फिलहाल देश में 40 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है, लेकिन मानसून की प्रगति के साथ स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। सरकार और संबंधित एजेंसियां मौसम के बदलते हालात के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

















