अबुजा : नाइजीरिया सुरक्षा एवं नागरिक सुरक्षा कोर (NSCDC) ने अकवा इबोम राज्य में अवैध रूप से प्राप्त किए गए संदिग्ध 45,000 लीटर एथेनॉल से भरे एक टैंकर को जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अकवा इबोम कमांड की कमांडेंट जेराल्डीन अबेटियनबे ने पत्रकारों को बताया कि यह कार्रवाई 23 जून को दोपहर करीब 1 बजे विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर एसिएन उदिम स्थानीय सरकारी क्षेत्र के इकोट उमो एसिएन इलाके में की गई।
उन्होंने बताया कि, सुरक्षा बलों ने 45,000 लीटर क्षमता वाले एक टैंकर को रोका, जिसमें संदिग्ध एथेनॉल भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि यह उत्पाद अवैध तरीके से हासिल किया गया था। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। कमांडेंट ने बताया कि, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक वेबिल (परिवहन दस्तावेज) प्रस्तुत किया, लेकिन उसमें कई गंभीर विसंगतियां पाई गईं। दस्तावेज में दर्शाए गए लोडिंग स्थल की जांच करने पर उसकी पुष्टि नहीं हो सकी, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि एथेनॉल वैध स्रोत से प्राप्त नहीं किया गया था।
उन्होंने कहा कि, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सूचना साझा करने और समय पर कार्रवाई के कारण यह सफलता मिली है।जेराल्डीन अबेटियनबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि, पेट्रोलियम उत्पादों का अवैध कारोबार केवल अपराध ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के खिलाफ तोड़फोड़ भी है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, मिलावटी ईंधन और विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ता है तथा राष्ट्रीय सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि, एनएससीडीसी देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्तियों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा अवैध ईंधन कारोबार, उत्पादों में मिलावट, तस्करी और पेट्रोलियम उत्पादों के अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा।


















