उत्तर प्रदेश : जिला गन्ना अधिकारी ने गन्ना क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया

मेरठ : जिला गन्ना अधिकारी बृजेश पटेल ने गन्ना क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।इस अवसर पर वहां उपस्थित किसानों ने भुगतान में देरी और इंडेंट बढ़ाने की मांग की। हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के अनुसार, पटेल ने सोमवार को गन्ना विभाग की टीम के साथ मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर स्थित किनौनी चीनी मिल के अरनावली गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंची। वहां पर तौल कार्य कर रहे टोल लिपिक का कांटा रजिस्टर, निरीक्षण पुस्तिका, उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। उसके बाद एक किसान की ट्रॉली को पांच क्विंटल के बांट रखकर पुनः तौल कराई।इस दौरान घटतौली नहीं मिली।

उसके बाद टीम ने गन्ना क्रय केंद्र आजमपुर और पूठ खास क्रय केंद्र पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां किसानों ने समिति स्तर पर इंडेंट बढ़वाने और किनौनी चीनी मिल से गन्ने का भुगतान जल्द दिलाने की मांग की। जिला गन्ना अधिकारी पटेल ने किसानों को उनके मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों से साफ, ताजा छिला हुआ गन्ना आपूर्ति करने की अपील की। इस मौके पर किनौनी चीनी मिल के वरिष्ठ गन्ना उप महाप्रबंधक लोकेश राणा, गन्ना अधिकारी सचिन सांगवान, आशीष त्यागी, मलियाना गन्ना समिति के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक जगदीप गुप्ता, वरिष्ठ लिपिक नवीन सांगवान आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here