बिहार विधानसभा में त्रिस्तरीय बीज उत्पादन कार्यक्रम का मुद्दा छाया रहा

गोपालगंज : बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने विधानसभा में कृषि आधारित उद्योग को बढ़ावा देने के तहत संचालित मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम अंतर्गत त्रिस्तरीय बीज उत्पादन कार्यक्रम 2024-25 का लक्ष्य पूरा नहीं होने का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने विभागीय लापरवाही पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए गन्ना मूल्य निर्धारण को लेकर भी सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा। सदन में जवाब देते हुए गन्ना उद्योग मंत्री ने बताया कि बीज उत्पादन लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के लिए भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान तथा ईख अनुसंधान संस्थान पूसा के साथ एमओयू किया गया है। विभाग ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित लक्ष्य को जल्द ही प्राप्त कर लिया जाएगा। साथ ही वर्ष 2024-25 के लिए गन्ना का मूल्य बढ़ाकर 360 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने की जानकारी भी दी गई।

भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, विधायक ने सदन में कहा कि, बिहार के एक हिस्से में जल का अभाव बना रहता है, जबकि दूसरे हिस्से में जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। ऐसी स्थिति में किसानों को खेती करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्मरण कराया कि वर्ष 2022 में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में इस विषय पर बैठक आयोजित हुई थी, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने सुझाव दिया कि जल अभाव एवं जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग और गन्ना उद्योग विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करना चाहिए। इससे कृषि कार्य सुचारु होगा और बीज उत्पादन का लक्ष्य भी समय पर पूरा किया जा सकेगा। इस पर जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी तथा गन्ना उद्योग मंत्री ने विधायक के सुझाव को उचित बताते हुए आश्वासन दिया कि सरकार समन्वित प्रयास करते हुए आवश्यक कदम शीघ्र उठाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here