उत्तर प्रदेश : पारले चीनी मिल की 13 मार्च को पहली बंदी, किसानों से शीघ्र गन्ना आपूर्ति की अपील

बहराइच : पारले चीनी मिल परसेंडी प्रशासन ने पेराई सत्र 2025–26 के समापन की प्रक्रिया शुरू करते हुए 13 मार्च 2026 को मिल की पहली बंदी घोषित की है। इस संबंध में जारी सूचना में किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपना बचा हुआ गन्ना जल्द से जल्द मिल तक पहुंचाएं।मिल प्रशासन के अनुसार, 13 मार्च तक मिल गेट और सभी गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ने की खुली खरीद जारी रहेगी। इस सत्र के लिए जारी की जाने वाली सभी कैलेंडर पर्चियां पहले ही किसानों को वितरित की जा चुकी हैं। जिन किसानों के खेतों में अभी भी पेराई योग्य गन्ना मौजूद है, उनसे बिना देरी किए गन्ना मिल या क्रय केंद्रों पर भेजने की अपील की गई है।

प्रबंधन ने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सत्र के अंतिम दिनों में भी गन्ना खरीद और पेराई की व्यवस्था चालू रखी गई है। अब तक मिल गेट पर लगभग 68 लाख कुंतल गन्ने की खरीद हो चुकी है, जबकि इस सत्र में करीब 3 लाख 20 हजार कुंतल गन्ने की पेराई अभी बाकी है। मिल प्रशासन ने किसानों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समय से पहले गन्ना आपूर्ति कर दी जाती है, तो पेराई सत्र का समापन सुचारु रूप से किया जा सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here