उत्तर प्रदेश : किसानों को दी गई बसंतकालीन गन्ना बुवाई की जानकारी, आधुनिक तकनीकों पर गोष्ठी आयोजित

कुशीनगर: रामकोला स्थित गन्ना विकास परिषद/सहकारी गन्ना समिति लिमिटेड, लक्ष्मीगंज में बसंतकालीन गन्ना बुवाई को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक सभा और गोष्ठी आयोजित की गई थी। इसमें किसानों को आधुनिक बुवाई तकनीकों और नई गन्ना प्रजातियों की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष धनंजय गोविंद राव ने की। गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को गन्ने की खेती में नवीनतम तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

गोष्ठी में चीनी मिल के केन मैनेजर ने मिल द्वारा किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। वहीं, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने अधिक उत्पादन और लाभ के लिए ट्रेंच विधि से बुवाई, सहफसली खेती, पेड़ी प्रबंधन, ड्रिप सिंचाई और ट्रैश मल्चिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को अस्वीकृत गन्ना प्रजातियों की बुवाई से बचने की सलाह देते हुए CoLK-16202, Co-15466, CoS-13235, Co-18231, CoSe-17451 जैसी नई प्रजातियों के बारे में बताया। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए UP-5125, Co-98014 और CoSe-10239 प्रजातियों की जानकारी दी गई। किसानों से बसंतकालीन गन्ना बुवाई का क्षेत्र बढ़ाने की अपील भी की गई।इस अवसर पर संबंधित सर्किल के गन्ना पर्यवेक्षक, चीनी मिल के कर्मचारी, समिति के निदेशक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here