मैसूरु: राज्य किसान संगठनों के महासंघ ने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी से किसानों द्वारा घरेलू एथेनॉल के उत्पादन और बिक्री को प्रोत्साहित करने की मांग की है। महासंघ के अध्यक्ष कुरुबुर शांतकुमार, जो राज्य गन्ना उत्पादक संघ के भी अध्यक्ष हैं, ने अमेरिका-इज़राइल के ईरान के खिलाफ युद्ध के चलते उत्पन्न एलपीजी (रसोई गैस) की उपलब्धता के संकट का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, उज्ज्वला योजना के तहत घरों को गैस सिलेंडर और चूल्हे इस वादे के साथ दिए गए थे कि एलपीजी की नियमित आपूर्ति होगी। लेकिन युद्ध के कारण विदेशी आपूर्ति बाधित होने से एलपीजी की उपलब्धता कम हो गई है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।
उन्होंने पत्र में कहा कि, ऐसी स्थिति में किसानों को घरेलू एथेनॉल का उत्पादन और बिक्री करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और इसकी अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि, इससे कीमती विदेशी मुद्रा की बचत होगी।उन्होंने तर्क दिया कि, एलपीजी सिलेंडरों से जुड़े विस्फोट और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा, क्योंकि एथेनॉल एक तरल पदार्थ है और इसमें उतना विस्फोट का जोखिम नहीं होता। शांतकुमार ने यह भी याद दिलाया कि, पहले केरोसिन को राशन दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाता था। उन्होंने सुझाव दिया कि, सरकार को एथेनॉल को भी उपभोक्ताओं तक उचित मूल्य की दुकानों और सहकारी समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराने की अनुमति देनी चाहिए। यह पत्र कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी भेजा गया है।


















