जळगाव (महाराष्ट्र): राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के वरिष्ठ नेता, विधायक एकनाथ खडसे और उनकी बेटी शारदा चौधरी के खिलाफ जिले के बोदवड़ पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया गया है। बाप-बेटी पर भुसावल तालुका में प्रस्तावित चीनी मिल के लिए खरीदी गई जमीन में गड़बड़ी कर धोखाधड़ी करने का आरोप एक पिछड़ी वर्ग की महिला ने लगाया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। इस खबर की जानकारी दैनिक ‘लोकसत्ता’ ने दी है।
खबर के अनुसार, भुसावल तालुका के मानपूर इलाके में 2002 में सहकारी चीनी मिल लगाने के नाम पर कुछ खेतों की खरीदी की गई थी। इन जमीनों में गट संख्या 122 महार वतन की थी, जो मानपूर की चमेलाबाई तुकाराम तायडे और उनके वारिसों के नाम पर थी। जमीन खरीद के समय तायडे परिवार को उचित मुआवजा देने और प्रस्तावित तापी-पुर्णा सहकारी चीनी मिल में रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसी के तहत तायडे परिवार को एकनाथ खडसे द्वारा 51 हजार रुपये अग्रिम भी दिए गए। इसके बाद तायडे परिवार के सदस्यों के अंगूठे लेकर बोदवड़ के द्वितीय निबंधक कार्यालय में जमीन का लेन-देन पूरा किया गया। लेकिन बाकी राशि प्राप्त करने के लिए तायडे परिवार ने बार-बार अनुरोध किया, फिर भी उन्हें पूरा मुआवजा नहीं मिला।
दूसरी ओर, कई वर्षों के बावजूद चीनी मिल स्थापित नही की गई। 2025 में तायडे परिवार ने जब मामले की जांच की, तो पता चला कि जमीन शारदा एकनाथ खडसे के नाम पर दर्ज थी। इसके बाद तायडे परिवार ने रिपाइं गट के जिलाध्यक्ष अनिल अडकमोल से मदद मांगी। अडकमोल ने प्राथमिक जांच की और पाया कि जमीन शारदा खडसे के नाम पर है। इस आधार पर रिपाइं गट ने जिल्हाधिकारी के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
11 फरवरी 2026 को मूल खरीदी खत की जांच के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई। दस्तावेज में खरीदार के रूप में “तापी-पुर्णा शुगर एंड अलाइड इंडस्ट्रीज” के नाम की जगह “शारदा एकनाथ खडसे” लिखा पाया गया। खरीदी खत के पन्ना नंबर 13 पर भी इसी तरह बदलाव कर शारदा खडसे का नाम जोड़ा गया। इस मामले में संदेह बढ़ने के बाद तायडे परिवार ने 9 मार्च को जिल्हाधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई। जिल्हाधिकारी ने इस मामले की गहन जांच के आदेश पुलिस अधीक्षक को दिए। इसके बाद चमेलाबाई तुकाराम तायडे ने बोदवड़ पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई और कार्रवाई तेज हुई।
चमेलााबाई तुकाराम तायडे की शिकायत के आधार पर विधायक एकनाथ गणपत खडसे, उनकी बेटी शारदा एकनाथ खडसे, मध्यस्थ सुधाकर निनू पाटील तथा बोदवड़ के द्वितीय निबंधक कार्यालय के तत्कालीन अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मामला संख्या 54/2026 के तहत बीएनएस 2023 की धाराओं 318(4), 316(2), 336(2), 336(3), 40, 3(3) और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार रोकथाम) अधिनियम 1989 की धारा 3(1)(एफ) और 3(1)(जी) के अंतर्गत बोदवड़ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।


















