रायसेन: जिले के बरेली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम करहैया कला में निर्माणाधीन शुगर मिल के मालिक के साथ 2.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। छिंदवाड़ा निवासी लोहा सप्लायर रिजवान उर्फ इमरान खान पर व्हाट्सएप के जरिए फर्जी बिल भेजकर ठगी करने का आरोप है। मिल मालिक अनिल रघुवंशी की शिकायत पर बरेली थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के 45 दिन बाद भी आरोपी फरार है, जिससे परेशान पीड़ित ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है।
भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, नेशनल हाईवे-45 के किनारे करहैया कला में रघुवंशी खांडसारी एलएलपी की शुगर मिल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए अनिल रघुवंशी ने बैंक से 19 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। निर्माण कार्य के लिए बड़ी मात्रा में लोहे की सामग्री की जरूरत थी, जिसके लिए छिंदवाड़ा के सप्लायर से 700-750 टन लोहे की आपूर्ति का सौदा तय किया गया। सौदे के बाद रघुवंशी ने आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी द्वारा बताए गए खातों में कुल 4.55 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
शुरुआत में आरोपी ने करीब 2.20 करोड़ रुपये का माल भेजकर भरोसा जीत लिया, लेकिन बाद में व्हाट्सएप पर फर्जी बिल भेजकर बाकी 2.34 करोड़ रुपये का न तो माल भेजा और न ही पैसा लौटाया।इस धोखाधड़ी का असर शुगर मिल के निर्माण कार्य पर भी पड़ा है। बताया जा रहा है कि, मिल में काम कर रहे मजदूरों को पिछले 3-4 महीनों से वेतन नहीं मिला है और कच्चे माल की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी कुँवर सिंह मुकाती के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


















