केप टाउन : टोंगाट हुलेट (THL) के परिसमापन की योजनाएं फिलहाल रोक दी गई हैं, लेकिन इस चीनी कंपनी को बचाने की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। कंपनी को बिजनेस रेस्क्यू प्रक्रिया से बाहर निकालने के लिए ठोस योजना तैयार करने के प्रयास जारी हैं। पिछले सप्ताह सरकार द्वारा मध्य वर्ष तक कंपनी के संचालन को समर्थन देने के लिए फंडिंग समझौता किए जाने के बाद परिसमापन की कोशिशों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। क्वाज़ुलु-नटाल हाई कोर्ट ने अस्थायी परिसमापन आवेदन पर सुनवाई को स्थगित कर दिया है, और अब इस मामले की सुनवाई 17 और 18 जून को होगी।
यह निर्णय इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IDC), टोंगाट और बिजनेस रेस्क्यू प्रैक्टिशनर्स (BRPs) के बीच पोस्ट-कमेंसमेंट फंडिंग (PCF) सुविधा से जुड़े समझौतों के पूरा होने के बाद लिया गया। BRPs ने बयान में कहा, इस सुविधा को 30 जून तक बढ़ा दिया गया है और राशि 2.3 अरब रैंड से बढ़ाकर 2.5 अरब रैंड कर दी गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह फंडिंग कंपनी की तत्काल नकदी जरूरतों को पूरा करती है, लेकिन लंबे समय के समाधान के लिए और कदम जरूरी हैं।
BRPs ने कहा, परिसमापन आवेदन वापस लेने के लिए एक ठोस और लागू किए जा सकने वाले लेनदेन की आवश्यकता होगी, जो बिजनेस रेस्क्यू के उद्देश्यों को पूरा कर सके। सुनवाई टलने से इस दिशा में बातचीत के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।कंपनी अक्टूबर 2022 में बिजनेस रेस्क्यू प्रक्रिया में गई थी और इस साल की शुरुआत में अस्थायी परिसमापन के लिए आवेदन किया था, यह कहते हुए कि कंपनी को बचाने की “उचित संभावना” नहीं बची है। BRPs ने कहा, 12 फरवरी को परिसमापन आवेदन दायर होने के बाद से टोंगाट बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम कर रही है। इसके बावजूद कर्मचारियों को वेतन मिला है, गन्ना उत्पादकों को भुगतान किया गया है और आगामी सीजन के लिए आवश्यक रखरखाव कार्य जारी है।
दक्षिण अफ्रीका केनग्रोज़र्स एसोसिएशन ने कहा कि, THL के संचालन को बचाने की लागत, चीनी मिलों के बंद होने से होने वाले दीर्घकालिक नुकसान से कहीं कम है। एसोसिएशन ने IDC और व्यापार, उद्योग एवं प्रतिस्पर्धा मंत्री पार्क्स ताउ के साथ अदालत में परिसमापन का विरोध किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष हिगिंस म्डलुली ने कहा, 18,000 से अधिक किसान, जिनमें अधिकांश छोटे स्तर के उत्पादक हैं, अपने गन्ने की प्रोसेसिंग के लिए टोंगाट हुलेट मिलों के अलावा कोई विकल्प नहीं रखते। यदि कंपनी बिना फंडिंग वाले परिसमापन में जाती है, तो उनकी खेती आर्थिक रूप से अस्थिर हो सकती है और ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों नौकरियां खत्म हो सकती हैं।
उन्होंने बताया कि, अन्य क्षेत्रों में मिलिंग सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन THL मिलों पर निर्भर किसान अब भी मिलों के दोबारा खुलने का इंतजार कर रहे हैं। म्डलुली ने कहा, टोंगाट हुलेट का परिसमापन पूरे चीनी उद्योग को प्रभावित करेगा और हजारों ग्रामीण नौकरियों व आजीविका के लिए सीधा खतरा है। इन समुदायों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा होने पर बड़े पेय और स्नैक निर्माता कंपनियों को आयातित सफेद चीनी पर निर्भर होना पड़ेगा, क्योंकि THL देश की “एकमात्र स्वतंत्र सफेद चीनी रिफाइनर” है।
उन्होंने कहा, यदि परिसमापन टालना संभव नहीं होता, तो ऐसा फंडेड परिसमापन होना चाहिए जिससे मिलें चालू रहें और खाली न छोड़ी जाएं, अन्यथा तोड़फोड़ का खतरा बढ़ जाएगा। इस बीच स्थानीय मिलों के संभावित पुनः खुलने की तारीखें तय की गई हैं—फेलिक्सटन 6 मई (28 मई तक एक लाइन संचालन), मेडस्टोन 27 मई और अमाटिकुलु 28 मई।


















