दक्षिण अफ्रीका : चीनी उद्योग के कर्मचारी 7% वेतन वृद्धि के प्रस्ताव पर फिर वार्ता के लिए तैयार

केप टाउन:चीनी उद्योग में हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने कहा है कि, यदि नियोक्ता बिना किसी शर्त के कम से कम 7 प्रतिशत वेतन वृद्धि का प्रस्ताव देते हैं, तो वे फिर से बातचीत की मेज पर लौटने के लिए तैयार हैं।रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों ने सोमवार को देशभर में काम बंद कर दिया था। कर्मचारी 13 प्रतिशत वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं, जबकि नियोक्ताओं ने 5.4 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था। उस समय देश में महंगाई दर करीब 5 प्रतिशत थी।यूनियनों ने वेतन वृद्धि के अलावा कर्मचारियों के लिए 1,000 रैंड परिवहन भत्ता और 1,500 रैंड आवास भत्ता देने की भी मांग की है।

फरवरी से चल रही थी वेतन वार्ता

ChiniMandi WhatsApp Channel

फूड एंड एलाइड वर्कर्स यूनियन (FAWU), एसोसिएशन ऑफ माइनवर्कर्स एंड कंस्ट्रक्शन यूनियन और UASA फरवरी से नियोक्ताओं के साथ वेतन समझौते को लेकर बातचीत कर रहे थे। करीब एक महीने पहले बातचीत विफल हो गई थी।इसके बाद कमीशन फॉर कॉन्सिलिएशन, मेडिएशन एंड आर्बिट्रेशन (CCMA) के एक आयुक्त ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। FAWU के उपाध्यक्ष न्कुलेको मथेथवा के अनुसार, तीनों यूनियनों में सबसे बड़ी FAWU के करीब 2,800 सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि, यूनियनों ने अपनी शुरुआती 13 प्रतिशत मांग को घटाकर 7 प्रतिशत किया और बाद में 6 प्रतिशत पर भी सहमति की स्थिति तक पहुंच गए थे।

वहीं, नियोक्ताओं ने 5.4 प्रतिशत से बढ़कर 6 प्रतिशत वेतन वृद्धि की पेशकश की, लेकिन इसके साथ चीनी आयात शुल्क की समीक्षा की शर्त जोड़ दी। यूनियनों ने इस शर्त को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि आयात शुल्क का मामला इंटरनेशनल ट्रेड एडमिनिस्ट्रेशन कमीशन (ITAC) के अधिकार क्षेत्र में आता है।इसके बाद नियोक्ताओं ने फिर से 5.4 प्रतिशत की पेशकश कर दी और यूनियनों ने भी अपनी शुरुआती 13 प्रतिशत वेतन वृद्धि की मांग दोहरा दी।मथेथवा ने कहा कि कर्मचारी 7 प्रतिशत वेतन वृद्धि पर समझौता करने के लिए बातचीत में लौटने को तैयार हैं।

करीब 70% कर्मचारी हड़ताल पर

मथेथवा के अनुसार, उद्योग के करीब 5,000 कर्मचारियों में से 70 प्रतिशत यानी लगभग 3,500 कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। ये कर्मचारी मपुमलांगा और क्वाज़ुलु-नटाल प्रांतों की 12 चीनी मिल कंपनियों में काम करते हैं। हड़ताल से प्रभावित कंपनियों में इलोवो शुगर SA, टोंगाट ह्यूलेट, RCL फूड्स, UCL कंपनी, उम्फोलोजी शुगर मिलिंग और ग्लेडहो शुगर कंपनी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग की प्रमुख कंपनी टोंगाट ह्यूलेट फिलहाल बिजनेस रेस्क्यू प्रक्रिया से गुजर रही है और ऐसे समय में हड़ताल से होने वाला व्यवधान उसके लिए विशेष रूप से मुश्किल हो सकता है।

टोंगाट ह्यूलेट पर भारी कर्ज का दबाव

टोंगाट ह्यूलेट ने भारी कर्ज, गंभीर नकदी संकट और पूर्व प्रबंधन से जुड़े कथित वित्तीय धोखाधड़ी मामलों के बाद अक्टूबर 2022 में स्वैच्छिक बिजनेस रेस्क्यू प्रक्रिया शुरू की थी। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी जून में परिसमापन से बाल-बाल बची। उसके बिजनेस रेस्क्यू प्रैक्टिशनर्स, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और विजन ग्रुप के बीच कंपनी को संचालन में बनाए रखने पर समझौता हुआ। इससे कंपनी के संचालन और उसकी पूरी वैल्यू चेन से जुड़े 2.5 लाख से अधिक रोजगार सुरक्षित रहने की संभावना बनी।

सस्ती चीनी के आयात से उद्योग पर दबाव

दक्षिण अफ्रीका का चीनी उद्योग हर साल करीब 24 अरब रैंड का कारोबार करता है और देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में लगभग 1 प्रतिशत योगदान देता है।उद्योग का कहना है कि ब्राजील, थाईलैंड और भारत से आने वाली सस्ती चीनी के कारण स्थानीय चीनी उद्योग गंभीर दबाव में है।SA Canegrowers के अनुसार, जनवरी से मई के बीच दक्षिण अफ्रीका में 94,984 टन चीनी का आयात हुआ। यह मात्रा 2025 की समान अवधि में 55,213 टन और 2022 में केवल 1,491 टन थी।

चीनी टैक्स से भी नुकसान का आरोप

दक्षिण अफ्रीका के चीनी क्षेत्र से जुड़े उद्योगों का कहना है कि, 2018 में लागू किए गए हेल्थ प्रमोशन लेवी, जिसे आम तौर पर शुगर टैक्स कहा जाता है, ने वित्तीय नुकसान और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार कटौती की समस्या को और बढ़ाया है।उद्योग ने स्थानीय गन्ना किसानों को सस्ती आयातित चीनी से बचाने के लिए आयात शुल्क बढ़ाने की मांग भी की है। किसानों का कहना है कि सस्ती आयातित चीनी के कारण उन्हें प्रति टन 7,500 रैंड से अधिक का नुकसान हो रहा है।

चीनी आयात शुल्क की समीक्षा जारी

व्यापार, उद्योग एवं प्रतिस्पर्धा विभाग के अधीन काम करने वाले ITAC ने जनवरी में चीनी आयात शुल्क की समीक्षा शुरू की थी। इसका उद्देश्य घरेलू उद्योग के लिए उचित टैरिफ सुरक्षा तय करना है।दक्षिण अफ्रीकी चीनी संघ (SASA) ने देश में लागू परिवर्तनीय चीनी आयात शुल्क के लिए इस्तेमाल होने वाले डॉलर आधारित संदर्भ मूल्य (DBRP) को 680 डॉलर से बढ़ाकर 905 डॉलर प्रति टन करने की मांग की है। संघ का कहना है कि इससे स्थानीय चीनी उद्योग को सुरक्षा मिलेगी।इसके विपरीत, बेवरिज एसोसिएशन ऑफ साउथ अफ्रीका ने DBRP को घटाकर 552 से 650 डॉलर प्रति टन करने की मांग की है। उसका तर्क है कि मौजूदा शुल्क से पेय निर्माता, बॉटलर्स और उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here