महाराजगंज : सिसवा आईपीएल शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत 16 से 18 मार्च 2026 तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान जारी कर दिया है। मिल प्रबंधन के अनुसार 63,555 क्विंटल गन्ने के बदले कुल 2 करोड़ 53 लाख रुपये किसानों के बैंक खातों में भेजे गए हैं। यह राशि शीघ्र ही किसानों के खातों में जमा हो जाएगी। यूनिट हेड संदीप पंवार ने बताया कि मिल किसानों के भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर कर रही है।
विभागाध्यक्ष (गन्ना) धीरज सिंह ने किसानों को गन्ने की फसल में टॉप बोरर (मुड़िया) के खतरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित कल्लों को काटकर खेत से बाहर निकालें, ताकि रोग का फैलाव रोका जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि मिल के खाद गोदाम पर पोटजन (कोराजन), फरटेरा तथा खरपतवार नाशक दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग कर किसान उत्पादन बढ़ा सकते हैं। गन्ना प्रबंधक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मिल का एक सप्ताह का गन्ना मूल्य भुगतान अभी शेष है, जिसे जल्द जारी किया जाएगा।


















