नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर में चीनी आपूर्ति के नाम पर 2.62 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।शिकायत के अनुसार एक व्यापारी ने पांच कारोबारियों को कई किश्तों में भुगतान किया, लेकिन तय समय पर चीनी की डिलीवरी नहीं की गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता विजय भगवानदास झमतानी, जो कंफेक्शनरी और चीनी ट्रेडिंग का कारोबार करते हैं, लंबे समय से आरोपियों के साथ व्यापार कर रहे थे। शुरुआत में आरोपियों ने समय पर माल भेजकर भरोसा जीता, जिससे दोनों के बीच कारोबारी संबंध मजबूत हो गए। इसी विश्वास के चलते व्यापारी ने ऑर्डर और भुगतान की राशि बढ़ा दी।
बताया गया कि, 21 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 के बीच व्यापारी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 2.62 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। भुगतान मिलने के बाद भी चीनी की खेप नहीं भेजी गई और आरोपियों ने लगातार बहाने बनाना शुरू कर दिया। काफी समय बीतने के बाद न तो माल मिला और न ही पैसे लौटाए गए, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पुणे, सांगली और सोलापुर से जुड़े पांच व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां बैंक लेन-देन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह ठगी किसी संगठित नेटवर्क के जरिए की गई या नहीं।


















