पटना : बिहार के गन्ना किसान लंबे समय से दो समस्याओं से जूझते रहे हैं, जिसमे एक तरफ खेतों में सिंचाई का पानी न पहुंचना और दूसरी तरफ बारिश के मौसम में जलभराव से फसल का बर्बाद होना। अब राज्य सरकार ने इन दोनों समस्याओं को एक साथ जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर ली है और जमीनी स्तर पर अमल भी शुरू हो गया है। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का केंद्रीय उद्देश्य गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में जलभराव का स्थायी निदान करना और किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करना था। बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि, गन्ना क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना अनिवार्य है।
बैठक में लिए गए अहम फैसलों में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए संबंधित जिलों में विशेष अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रधान सचिव ने कहा कि, इससे तकनीकी बाधाएं समय पर दूर होंगी और क्षेत्रीय कार्यालयों की कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। प्रधान सचिव ने बैठक में इस तथ्य पर विशेष जोर दिया कि जिन क्षेत्रों में इस समय गन्ने की फसल खड़ी है, वहां सिंचाई की तत्काल जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, गन्ना प्रभागों से गुजरने वाली नहरों की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट शीघ्र पेश की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि नहरों के माध्यम से हर खेत तक पानी पहुंचे, ताकि पानी की कमी से गन्ने के पौधे सूखने न पाएं।
बिहार सरकार गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी कार्रवाई के रास्ते पर है। सिंचाई और जलभराव — दोनों मोर्चों पर एक साथ की जा रही यह पहल राज्य के गन्ना उत्पादन को नई ऊंचाई पर ले जाने में मददगार साबित हो सकती है।इस बैठक में गन्ना उद्योग विभाग के ईखायुक्त अनिल कुमार झा, विभिन्न चीनी मिलों के प्रबंधक तथा जल संसाधन विभाग के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अभियंता प्रमुख (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण) वरूण कुमार, अभियंता प्रमुख (सिंचाई सृजन) अनवर जमील और अधीक्षण अभियंता विवेक गौरव ने प्रमुख रूप से हिस्सा लिया।


















