शुगर कंट्रोल एक्ट 1966 में संशोधन: केंद्र को सिफारिश भेजने के लिए किसान संगठन ने राज्य सरकार से समिति गठित करने की माँग की

मैसूरू : कर्नाटक राज्य गन्ना किसान संघ ने राज्य सरकार से अपील की है कि वह विशेषज्ञों, किसान नेताओं, प्रशासकों और कानूनी सलाहकारों को मिलाकर एक समिति का गठन करे। इस समिति का उद्देश्य शुगर कंट्रोल एक्ट 1966 में प्रस्तावित संशोधनों से पहले केंद्र सरकार को सौंपी जाने वाली एक रिपोर्ट तैयार करना होगा। मैसूरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ के अध्यक्ष कुरुबुर शांतकुमार ने कहा कि, ऐसी समिति बनाना इसलिए जरूरी है क्योंकि केंद्र सरकार ने इस अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों के संबंध में राज्य सरकारों और किसान संगठनों से उनके सुझाव माँगे हैं।

शांतकुमार ने इस बात पर जोर दिया कि, गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य यानी एफआरपी तय करते समय उप उत्पादों से होने वाले मुनाफे को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। इन उप उत्पादों में बगास शामिल है, जिससे बिजली बनती है, मोलासेस शामिल है, जिससे एथेनॉल और शराब तैयार की जाती है, और जैव खाद भी इसमें आती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने गन्ने से चीनी की रिकवरी दर को पहले के 8.5% से बढ़ाकर अब 10.25% किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि, एफआरपी तय करते समय न्यूनतम रिकवरी दर 9% रखी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने माँग की कि एफआरपी किसान के खेत पर ही तय हो और गन्ने की कटाई तथा परिवहन की जिम्मेदारी चीनी मिल की होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली के शॉर्ट सर्किट जैसी दुर्घटनाओं में जला हुआ गन्ना जब मिलों को दिया जाता है, तो किसानों की देय एफआरपी में से 25% काटने की जो मौजूदा प्रथा है, उसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए।

प्रस्तावित संशोधन में यह प्रावधान भी होना चाहिए कि गन्ने की कटाई 12 महीनों के भीतर हो जाए। शांतकुमार ने कहा कि यदि कटाई में 14 से 15 महीने तक की देरी होती है, तो इस दौरान किसानों पर बढ़ने वाले फसल ऋण के अतिरिक्त ब्याज का बोझ मिल को उठाना चाहिए। उन्होंने नई चीनी मिलों की स्थापना पर लगाई गई 25 किलोमीटर की सीमा हटाने की भी माँग की।

उन्होंने कहा कि, मिलों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से किसानों को बेहतर दाम मिलेंगे, जो सी. रंगराजन समिति की सिफारिशों के अनुरूप भी है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मिल के अधिकार क्षेत्र में किसानों के लिए कोई आरक्षित क्षेत्र तय नहीं होना चाहिए और किसानों को अपनी पसंद की किसी भी मिल के साथ समझौता करने की आजादी मिलनी चाहिए। मशीन से गन्ने की कटाई में बर्बादी की कटौती 2% से अधिक नहीं होनी चाहिए, इसके लिए नियम बनाए जाएँ। उन्होंने कहा कि इस समय 7 से 8% तक की कटौती हो रही है, जो बिल्कुल अनुचित है।

शांतकुमार ने माँग की कि किसानों को गन्ने का भुगतान केवल राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से किया जाए और सहकारी तथा निजी बैंकों को इससे बाहर रखा जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो चीनी मिलें केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा तय गन्ने का बकाया नहीं चुकाती हैं, उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का कानूनी प्रावधान भी होना चाहिए। उन्होंने राज्यभर के गन्ना किसानों से अपील की कि यदि उनके पास प्रस्तावित संशोधनों के बारे में कोई अतिरिक्त सुझाव हों, तो वे जरूर भेजें।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here