नैरोबी : केन्या शुगर बोर्ड ने उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि 1.5 अरब केन्याई शिलिंग मूल्य की हानिकारक चीनी का आयात कर उसे दोबारा पैक करके स्थानीय बाजार में बेचा गया। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि, औद्योगिक उपयोग के लिए आयातित चीनी को मानव उपभोग के लिए जारी नहीं किया गया है और विवादित खेप अभी भी कड़ी निगरानी में सुरक्षित रखी गई है। व्यापार, उद्योग और सहकारिता संबंधी समिति के समक्ष पेश होने के बाद मंगलवार को जारी बयान में बोर्ड ने कहा कि, “हानिकारक चीनी” को स्थानीय बाजार में वितरित किए जाने के आरोप पूरी तरह गलत हैं।बोर्ड ने कहा, 1.5 अरब केन्याई शिलिंग मूल्य की हानिकारक चीनी के आयात, पुनर्पैकेजिंग और घरेलू बाजार में वितरण का आरोप असत्य है। मानव उपभोग के लिए किसी भी प्रकार की हानिकारक चीनी जारी नहीं की गई है।
केन्या शुगर बोर्ड ने बताया कि, शुल्क छूट योजना के तहत आयातित चीनी का उपयोग केवल औद्योगिक उद्देश्यों के लिए हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए कई अनुपालन तंत्र लागू किए गए हैं। इसके तहत निर्माताओं की उत्पादन क्षमता और वार्षिक आवश्यकता का ऑडिट भी किया जाता है। बोर्ड ने कहा कि, कंपनियों की आवश्यकताओं का विवरण राष्ट्रीय कोषागार की शुल्क छूट समिति को मंजूरी के लिए भेजा जाता है। इसके बाद निर्माता विशेष अनुमति के आधार पर आयात करते हैं और हर महीने आवंटन, आयात तथा उपयोग की जानकारी प्रस्तुत करते हैं।
बोर्ड के अनुसार, केन्या अभी भी चीनी उत्पादन में कमी के कारण आयात पर निर्भर है। वर्ष 2023 में देश का उत्पादन 4,72,773 मीट्रिक टन, 2024 में 8,15,454 मीट्रिक टन और 2025 में 6,11,576 मीट्रिक टन रहा, जबकि केवल 2025 में ही खपत 11,52,205 मीट्रिक टन दर्ज की गई।आंकड़ों के अनुसार, केन्या ने 2023 में 6,08,178 मीट्रिक टन, 2024 में 3,38,345 मीट्रिक टन और 2025 में 4,77,551 मीट्रिक टन चीनी का आयात किया।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक उपयोग के लिए आयातित परिष्कृत चीनी केवल विनिर्माण इकाइयों तक सीमित है और इसे खुदरा बाजार में जाने से रोकने के लिए सख्त नियंत्रण व्यवस्था लागू है। मोम्बासा चीनी रिफाइनरी लिमिटेड के मामले में बोर्ड ने कहा कि, यह कंपनी विधिवत पंजीकृत रिफाइनरी है और पूर्वी अफ्रीकी समुदाय मंत्रिपरिषद द्वारा कच्ची गन्ना चीनी आयात कर उसे सफेद औद्योगिक चीनी में बदलने के लिए अधिकृत की गई है।
बोर्ड ने बताया कि, विवादित 27,000 मीट्रिक टन चीनी कच्चे रूप में आयात की गई थी और इसे कभी भी देश में बिक्री के लिए नहीं रखा गया। यह खेप वर्तमान में मोम्बासा स्थित केन्या पोर्ट्स अथॉरिटी (KPA) के कस्टम बॉन्डेड गोदाम में सुरक्षित रखी गई है और सीमा शुल्क प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रही है। बोर्ड के अनुसार, मार्च 2026 में राष्ट्रीय कोषागार मंत्री ने केन्या राजस्व प्राधिकरण, केन्या ब्यूरो ऑफ स्टैंडर्ड्स, उद्योग विभाग और राष्ट्रीय पुलिस सेवा सहित कई एजेंसियों की संयुक्त टीम गठित की थी, ताकि खेप की रिहाई के लिए शर्तें तय की जा सकें और किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री को रोका जा सके।
बोर्ड ने कहा कि, औद्योगिक चीनी और सामान्य उपभोक्ता चीनी अलग-अलग होती हैं। औद्योगिक चीनी का उपयोग मुख्य रूप से बेकरी, पेय पदार्थ निर्माण इकाइयों और बड़े खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में किया जाता है। अंत में बोर्ड ने दोहराया कि उसने उपभोक्ता बाजार के लिए औद्योगिक चीनी के आयात, बिक्री या पुनर्पैकेजिंग की अनुमति नहीं दी है और Sugar Act 2024 के तहत बाजार में उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्ती से नियम लागू किए जा रहे हैं।


















