ईरान युद्ध के बीच बढ़ते मालभाड़े से बचाव के लिए एमएसएम मलेशिया ने कच्ची चीनी की आपूर्ति सुनिश्चित की

कुआलालंपुर : एशिया की प्रमुख चीनी रिफाइनिंग कंपनियों में शामिल एमएसएम मलेशिया होल्डिंग्स बीएचडी ने ईरान युद्ध के कारण वैश्विक शिपिंग बाधित होने और मालभाड़ा दरों में संभावित भारी बढ़ोतरी को देखते हुए इस वर्ष सामान्य से अधिक कच्ची चीनी की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली है। मलेशिया के घरेलू चीनी बाजार में लगभग 60% हिस्सेदारी रखने वाली कंपनी ने करीब 5 लाख टन कच्ची चीनी की हेजिंग की है, जो उसकी वार्षिक जरूरत का लगभग आधा हिस्सा है। यह आपूर्ति औद्योगिक खंड के लिए अक्टूबर तक और खुदरा बाजार के थोक खंड के लिए दिसंबर तक सुनिश्चित की गई है।

कंपनी की समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. माजातुल आइनी शाहर अब्दुल मलेक शाहर ने कुआलालंपुर स्थित मुख्यालय में दिए गए एक साक्षात्कार में कहा कि मौजूदा संकट के कारण मालभाड़ा दरों में वृद्धि की आशंका है, इसलिए कंपनी पहले से ही आपूर्ति समझौते सुनिश्चित करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि, अमेरिका-ईरान युद्ध ने वैश्विक कमोडिटी और शिपिंग बाजारों को प्रभावित किया है। एमएसएम के लिए कच्ची चीनी खरीदना बड़ी चिंता नहीं है, बल्कि उसे समय पर डिलीवर कराना चुनौती बनता जा रहा है। कंपनी के अनुसार, तीसरी तिमाही से मालभाड़ा लागत का असर दिखना शुरू हो सकता है और चौथी तिमाही तक ये लागत दोगुनी भी हो सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस जोखिम को कम करने के लिए कंपनी ने दुनिया के बड़े चीनी व्यापारियों में शामिल विल्मर इंटरनेशनल लिमिटेड के माध्यम से मालभाड़ा जोखिम की आंशिक हेजिंग की है। विल्मर, ब्राजील और थाईलैंड से चीनी खरीद में मध्यस्थ की भूमिका निभा रही है, जो एमएसएम के दो प्रमुख आपूर्ति स्रोत हैं। डॉ. आइनी ने कहा कि, यदि ब्राजील से आयात पर मालभाड़ा अधिक महंगा हो जाता है, तो कंपनी थाईलैंड से खरीद बढ़ा सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि थाईलैंड से शिपिंग सस्ती होने के बावजूद वहां का “कंट्री प्रीमियम” कुल लागत को बढ़ा देता है।

फिलहाल वैश्विक बाजार की परिस्थितियां एमएसएम के पक्ष में दिखाई दे रही हैं। वैश्विक स्तर पर चीनी की अधिक आपूर्ति कीमतों पर दबाव बनाए हुए है। वहीं इंडोनेशिया में आयात परमिट जारी होने में देरी के कारण एमएसएम को बेहतर मूल्य पर अनुबंध करने और लाभदायक हेजिंग का अवसर मिला है।कंपनी फिलहाल लगभग दो महीने का स्टॉक बनाए हुए है और अधिक भंडारण से बच रही है क्योंकि गोदाम लागत काफी अधिक है।

हालांकि, युद्ध का असर कंपनी के अन्य खर्चों पर भी दिखाई दे रहा है। प्लास्टिक पैकेजिंग और रैपिंग सामग्री की लागत में 80% तक वृद्धि हुई है, जबकि प्राकृतिक गैस की कीमतें भी बढ़ी हैं। इन बढ़ती लागतों और ऊंचे मालभाड़े को देखते हुए कंपनी ग्राहकों पर कुछ अतिरिक्त बोझ डालने पर विचार कर रही है।

मलेशिया सरकार ने घरेलू थोक चीनी पर 80 सेन प्रति किलोग्राम की प्रोत्साहन राशि पूरे वर्ष जारी रखने का फैसला किया है।यह सहायता रिफाइनरों को सरकार द्वारा नियंत्रित कीमतों पर चीनी बेचने के बावजूद बढ़ती लागत से राहत देने में मदद करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मलेशिया में खुदरा चीनी की कीमतें क्षेत्र में सबसे कम हैं। भविष्य की योजनाओं के तहत एमएसएम चीन में विस्तार के अवसर तलाश रही है। थाईलैंड से आयात पर प्रतिबंधों के कारण कंपनी को अपने लिक्विड शुगर और फाइन सिरप उत्पादों के लिए नया बाजार मिलने की उम्मीद है, जिनका उपयोग बबल टी, आइसक्रीम और योगर्ट जैसे उत्पादों में किया जाता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here