लाहौर: पाकिस्तान के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं अनुसंधान मंत्रालय ने 6 लाख टन अतिरिक्त चीनी के तत्काल निपटान की अनुमति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में औपचारिक घोषणा अगले एक-दो दिनों में होने की उम्मीद है।अधिकारी ने चीनी मिलों पर उत्पादन के गलत आंकड़े उपलब्ध कराने का आरोप लगाया। उन्होंने पिछले साल की स्थिति का भी जिक्र किया, जब मिलों ने चीनी का अधिशेष होने का अनुमान जताया था, लेकिन इसके बावजूद देश को चीनी की कमी का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि, पिछले साल की तरह इस बार भी देशभर की चीनी मिलों के एक सप्ताह के भीतर पेराई शुरू करने की उम्मीद है।
इस बीच, अतिरिक्त चीनी के निपटान का फैसला लेने में हो रही देरी के कारण पेराई सीजन शुरू करने को लेकर मिल मालिकों और पंजाब सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है। खबरों के मुताबिक, मिल मालिक सरकारी निर्देशों का पालन दिखाने के लिए कुछ समय के लिए अपनी फैक्ट्रियां खोल रहे हैं, सीमित मात्रा में गन्ना खरीद रहे हैं और फिर मिलों को दोबारा बंद कर दे रहे हैं।पंजाब की कुल 47 चीनी मिलों में से केवल एक मिल ने ही कथित तौर पर पूरी क्षमता के साथ पेराई शुरू की है।पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (PSMA) के निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी जका अशरफ ने कहा कि, गोदामों में करीब 13 लाख टन अतिरिक्त चीनी मौजूद है। उन्होंने बताया कि, उद्योग फरवरी 2026 से 10 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति मांग रहा है। उन्होंने संघीय सरकार पर अतिरिक्त चीनी के निपटान के संबंध में फैसला लेने में विफल रहने का आरोप लगाया।
पेराई में देरी से गन्ना किसानों को बढ़ रहा आर्थिक नुकसान
पेराई शुरू होने में देरी के कारण गन्ना उत्पादकों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेतों में खड़ा गन्ना सूखने के साथ अपना वजन और बाजार मूल्य खो रहा है। वहीं, इस व्यवधान से गेहूं की बुवाई में भी देरी होने का खतरा पैदा हो गया है।किसानों ने बताया कि फिलहाल एकमात्र गन्ना खरीदने वाली मिल 350 पाकिस्तानी रुपये प्रति मन से भी कम कीमत दे रही है, जो उनकी उत्पादन लागत से नीचे है।
गन्ना उत्पादकों ने पेराई संबंधी सरकारी निर्देशों का पालन नहीं करने वाली मिलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करने को लेकर प्रांतीय प्रशासन की भी आलोचना की है। गन्ना आयुक्त कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी से इस मामले पर प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।किसान प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि पेराई में लगातार देरी से गन्ना उत्पादकों की आर्थिक परेशानी और बढ़ेगी तथा पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।

















