बिजनौर : नांगल सोती क्षेत्र में गन्ना किसानों को इस समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। खेतों में जहां एक तरफ जीपीएस आधारित गन्ना सर्वेक्षण चल रहा है, वहीं दूसरी ओर चोटी बेधक कीट, रेड रॉट और स्मट जैसी बीमारियों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए बरकतपुर स्थित उत्तम शुगर मिल प्रबंधन ने किसानों को समय रहते वैज्ञानिक उपाय अपनाने की सलाह दी है। उत्तम शुगर मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) विकास पुण्डीर ने ‘भास्कर’ को बताया कि, विभाग और चीनी मिल की संयुक्त टीम द्वारा जीपीएस मशीनों के माध्यम से गन्ने का सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि सर्वे के दौरान वे स्वयं खेत पर मौजूद रहें, ताकि गन्ने का सही रकबा और प्रजाति दर्ज की जा सके।
उन्होंने बताया कि, खेतों में चोटी बेधक कीट की दूसरी पीढ़ी की तितलियां दिखाई देने लगी हैं। यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो यह कीट गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। कीट नियंत्रण के लिए किसानों को सीटीआरपी (CTRP) की 150 मिली मात्रा को 400 लीटर पानी में मिलाकर जड़ों के पास ड्रेचिंग करने और उसके बाद हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा खेतों में लगाए गए लाइट ट्रैप की नियमित सफाई और पानी बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कीट नियंत्रण अधिक प्रभावी हो सके।
गन्ना विशेषज्ञों ने रेड रॉट और स्मट बीमारी को लेकर भी किसानों को सतर्क किया है।कई खेतों में इन बीमारियों का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बचाव के लिए ट्राईकोडर्मा का 2 लीटर प्रति एकड़ प्रयोग करने की सलाह दी गई है। स्मट रोग से प्रभावित पौधों को जड़ सहित खेत से बाहर निकालने और एजोक्सीस्ट्रोबिन या बायोफंजीसाइड के छिड़काव की भी सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव और बढ़ती नमी के कारण इस समय गन्ने की फसल पर कीट और बीमारियों का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे में समय पर वैज्ञानिक उपाय अपनाकर किसान अपनी फसल को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं।


















