मुंबई: केंद्र सरकार द्वारा 30 सितंबर तक चीनी निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंध ने महाराष्ट्र के चीनी उद्योग को बड़ा झटका दिया है। महाराष्ट्र देश के शीर्ष दो चीनी उत्पादक राज्यों में शामिल है। इस फैसले का असर राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ग्रामीण राजनीति पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इस वर्ष महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन पिछले साल की तुलना में 18 लाख टन अधिक हुआ है। निर्यात सीजन के बीच लगाए गए इस प्रतिबंध के कारण निर्यात के लिए स्वीकृत 4.88 लाख टन चीनी कोटे में से 30% से अधिक हिस्सा फिलहाल रोक दिया गया है। सहकारी चीनी उद्योग के विशेषज्ञों का कहना है कि, इससे चीनी मिलों की नकदी प्रवाह क्षमता प्रभावित होगी और गन्ना किसानों को भुगतान में देरी हो सकती है।
उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्रतिबंध घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लगाया गया है। हालांकि, उनका मानना है कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी। महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के अधिकारियों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने कुल 15.8 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी थी, जिसमें महाराष्ट्र का हिस्सा 4.88 लाख टन था। एक अधिकारी ने बताया, महाराष्ट्र के 4.88 लाख टन कोटे में से 3.25 लाख टन चीनी का निर्यात हो चुका है या उसके लिए समझौते हो चुके हैं। इस प्रतिबंध के कारण 30-40% निर्यात स्वीकृत चीनी पर रोक लग गई है, जिससे मिलों को नकदी संकट का सामना करना पड़ेगा।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि, सीजन के बीच में लगाया गया यह प्रतिबंध भारत की चीनी निर्यात नीति पर सवाल खड़े करेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उद्योग की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। इस फैसले की राजनीतिक स्तर पर भी आलोचना हो रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने इस प्रतिबंध को महाराष्ट्र के सहकारी चीनी उद्योग के लिए “आर्थिक रूप से विनाशकारी” बताया। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर तुरंत पुनर्विचार करने की मांग की ताकि चीनी मिलों का “वित्तीय पतन” रोका जा सके।
पवार ने कहा कि इस प्रतिबंध से मिलों के पास किसानों को उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) चुकाने के लिए जरूरी नकदी नहीं बचेगी। उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय बाजार के जरिए उद्योग को नकदी मिलने की उम्मीद बनी थी। अब यह रास्ता बंद कर सरकार मिलों के लिए जीवित रहना और गन्ना किसानों के प्रति अपनी कानूनी जिम्मेदारियां निभाना मुश्किल बना रही है। ”किसान नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने भी इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे राज्य तथा देश की चीनी अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी। निर्यात से मिलों को आय और नकदी मिलती है। अब निर्यात समझौतों का क्या होगा?”


















