युगांडा : अत्याधुनिक मशीनों के बावजूद जल्द चीनी उत्पादन शुरू नहीं कर पाएगी अटियाक शुगर फैक्ट्री

कंपाला : अटियाक शुगर में सरकार द्वारा लगभग 109 अरब शिलिंग की लागत से स्थापित अत्याधुनिक मशीनरी और आधुनिक सिंचाई व्यवस्था के बावजूद चीनी उत्पादन जल्द शुरू होने की संभावना नहीं दिख रही है। अक्टूबर 2024 से सभी हाई-टेक उपकरण स्थापित होने के बाद भी अब तक केवल 4,000 हेक्टेयर क्षेत्र में ही सफलतापूर्वक गन्ने की खेती हो पाई है। फैक्ट्री परिसर में 5,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को कवर करने वाली 62 सेंटर पिवट सिंचाई प्रणालियां स्थापित की जा चुकी हैं। साथ ही, पूरे फार्म तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 610 किलोमीटर लंबी सड़कों की सफाई और निर्माण भी किया गया है। भारी मशीनरी जैसे केस आईएच पैट्रियट 3230 स्प्रेयर, बिलेट प्लांटर्स और केस ऑस्टॉफ्ट 9000 सीरीज़ गन्ना हार्वेस्टर भी तैनात किए जा चुके हैं।

हालांकि, सूत्रों के अनुसार वर्तमान में उपलब्ध 4,000 हेक्टेयर गन्ना बड़े स्तर पर उत्पादन शुरू होने पर दो सप्ताह भी नहीं चल पाएगा। इस गन्ने का उपयोग फिलहाल और अधिक बीज तैयार करने तथा खेती का विस्तार करने के लिए किया जा रहा है। हाल ही में 7,200 हेक्टेयर भूमि पर बीज गन्ना रोपण शुरू किया गया है। यह स्थिति व्यापार मंत्रालय के उस दावे के विपरीत है जिसमें कहा गया था कि सितंबर 2026 तक उत्पादन शुरू हो जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

डेविड बहती ने हाल ही में संसद में कहा था कि, अटियाक शुगर फैक्ट्री सितंबर 2026 तक चीनी उत्पादन शुरू कर देगी। उन्होंने बताया कि, सरकार ने सिंचाई प्रणाली सहित कई गतिविधियों के लिए फैक्ट्री को वित्तीय सहायता प्रदान की है ताकि मौसम में बदलाव के बावजूद गन्ना उत्पादन प्रभावित न हो। फैक्ट्री के संचालन में सरकार की भागीदारी 2018 में शुरू हुई थी, जब युगांडा विकास निगम ने इक्विटी और ऋण के माध्यम से निवेश किया। वर्तमान में फैक्ट्री में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी सरकार की है, जबकि 60 प्रतिशत हिस्सेदारी उद्यमी अमीना मोगे हर्सी की कंपनी होरियल इन्वेस्टमेंट होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के पास है।

यह फैक्ट्री अक्टूबर 2020 में योवेरी मुसेवेनी द्वारा शुरू की गई थी। परियोजना का उद्देश्य प्रतिदिन 1,650 टन गन्ना क्रशिंग क्षमता विकसित करना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देना था। अब यूडीसी का कहना है कि, पर्याप्त गन्ना उपलब्ध होने के बाद ही उत्पादन शुरू हो सकेगा, जिसकी संभावना 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में बताई जा रही है। यूडीसी के अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री को पूर्ण क्षमता से चलाने के लिए कम से कम 20,000 एकड़ परिपक्व गन्ने की आवश्यकता होगी, जबकि वर्तमान में केवल 4,000 एकड़ गन्ना उपलब्ध है।

इस बीच, फैक्ट्री के लिए नील नदी से पानी लाने वाली बहु-मिलियन डॉलर सिंचाई परियोजना को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। स्थानीय समुदाय और भूमि मालिक मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि उचित भुगतान मिलने से पहले वे अपनी जमीन परियोजना के लिए नहीं देंगे। सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री में हाल ही में खरीदी गई भारी मशीनरी बरसात के मौसम में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकती। यही कारण है कि सूखे मौसम में उत्पादन बनाए रखने के लिए नील नदी से सिंचाई परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here