मुजफ्फरनगर : भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात कर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक और युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह शामिल रहे। करीब एक घंटे तक चली बैठक में प्रस्तावित “गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 2026” पर विस्तार से चर्चा की गई। भाकियू नेताओं ने सुझाव दिया कि, गन्ने का मूल्य निर्धारित करते समय केवल चीनी उत्पादन को आधार न बनाया जाए, बल्कि उससे बनने वाले अन्य सह-उत्पादों को भी शामिल किया जाए।
बैठक के दौरान दो चीनी मिलों के बीच निर्धारित दूरी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा, कोल्हू और क्रेशर की स्पष्ट परिभाषा तय करने तथा इन इकाइयों पर चल रहे कथित “इंस्पेक्टर राज” को खत्म कर अधिकार राज्य सरकारों को सौंपने की बात कही गई।
गन्ना भुगतान और किसानों के बकाया का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। किसान नेताओं ने सुझाव दिया कि किसानों के हित में एक रियल टाइम डेटा सिस्टम तैयार किया जाए, जिससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बन सके। भाकियू नेताओं के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ बातचीत सकारात्मक रही और उन्होंने इन सभी मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया है। संगठन का मानना है कि इन सुझावों को लागू करने से गन्ना किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।


















