महराजगंज : आईपीएल चीनी मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के तहत गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जारी कर दिया है। मिल प्रशासन की ओर से किसानों के खातों में 3 करोड़ 51 लाख 41 हजार रुपये की राशि भेजी गई है। यह जानकारी यूनिट हेड संदीप पंवार ने दी।मिल प्रबंधन के अनुसार यह भुगतान 19 मार्च से 25 मार्च 2026 के बीच खरीदे गए करीब 88 हजार क्विंटल गन्ने के अवशेष मूल्य के रूप में किया गया है। यह राशि जल्द ही किसानों के बैंक खातों में पहुंच जाएगी।
इसी दौरान गन्ना विभागाध्यक्ष धीरज सिंह ने किसानों को गन्ने की फसल में टाप बोरर (मुड़िया) कीट के बढ़ते प्रकोप को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने प्रभावित कल्लों को काटकर खेत से बाहर निकालने की अपील की, ताकि कीट का फैलाव रोका जा सके। उन्होंने किसानों को टाप बोरर नियंत्रण के लिए कोराजन दवा के इस्तेमाल की सलाह भी दी। साथ ही बताया कि फरटेरा और खरपतवार नियंत्रण की दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध हैं, जिनके उपयोग से किसान गन्ने की उपज में बढ़ोतरी कर सकते हैं। गन्ना प्रबंधक अरविन्द कुमार सिंह ने किसानों से खेतों की नियमित निराई-गुड़ाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय पर देखभाल और उचित प्रबंधन से गन्ने की बेहतर पैदावार हासिल की जा सकती है।


















