बिहार में गन्ना खेती को बढ़ावा देने पंचायत स्तर पर चलेगा अभियान, किसानों को दी जाएगी आधुनिक खेती की जानकारी

पटना : बिहार सरकार राज्य में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए अब गांव और पंचायत स्तर पर विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत पंचायतों में किसान कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को गन्ने की आधुनिक, वैज्ञानिक और लाभकारी खेती के लिए जागरूक किया जाएगा। गन्ना उद्योग विभाग द्वारा तैयार की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य में गन्ने का रकबा और उत्पादन बढ़ाना है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके और चीनी व गुड़ उद्योगों को पर्याप्त मात्रा में कच्चा माल उपलब्ध कराया जा सके।

इस अभियान में कृषि, सहकारिता, लघु जल संसाधन, जल संसाधन, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायती राज तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे और किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।सरकार का कहना है कि, गेहूं और धान जैसी पारंपरिक फसलों की तुलना में गन्ने की खेती किसानों के लिए अधिक लाभदायक साबित हो सकती है। जिन क्षेत्रों में चीनी मिलें संचालित नहीं हैं, वहां किसानों को गुड़ उत्पादन और गन्ना बीज तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जागरण में प्रकशित खबर के अनुसार, गन्ना आयुक्त अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में इस अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। सरकार का लक्ष्य राज्य की करीब आठ हजार पंचायतों और 45 हजार गांवों तक पहुंच बनाना है।पहले चरण में उन पंचायतों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां पहले से गन्ने की खेती होती रही है या जहां इसकी संभावनाएं अधिक हैं। कार्यशालाओं में कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी और चीनी मिलों के प्रतिनिधि किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रिप सिंचाई, जैविक खाद, कीट नियंत्रण और कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीकों की जानकारी देंगे।

किसानों को यह भी समझाया जाएगा कि नकदी फसल के रूप में गन्ना किस तरह पारंपरिक खेती की तुलना में अधिक मुनाफा दे सकता है। सरकार का मानना है कि, बढ़ती लागत और समय पर तकनीकी जानकारी नहीं मिलने के कारण कई किसानों ने गन्ने की खेती से दूरी बना ली थी। ऐसे में पंचायत स्तर पर सीधे संवाद और प्रशिक्षण के जरिए किसानों का भरोसा फिर से मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।

कार्यशालाओं के दौरान किसानों को सरकारी अनुदान, बीज उपलब्धता और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी एक ही मंच पर दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार आगामी खरीफ सीजन से पहले चरणबद्ध तरीके से पंचायतों में इन कार्यशालाओं की शुरुआत होगी। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से राज्य में गन्ना उत्पादन बढ़ेगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और नई चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here