मेरठ : लगातार बढ़ रही गर्मी अब गन्ना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। बढ़ते तापमान के कारण गन्ने की फसल में कीटों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है, जिससे किसानों की चिंता गहरा गई है। पिछले वर्ष भी कीटों के हमले के चलते गन्ना उत्पादन में करीब 15 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी और इस बार भी हालात चिंताजनक नजर आ रहे हैं।
मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गन्ने की फसल पर टॉप बोरर, जड़ बेधक, काला चिकटा, थ्रिप्स और टिड्डों जैसे कीट सक्रिय हो गए हैं। ये कीट गन्ने के तनों में छेद कर और पत्तियों को नुकसान पहुंचाकर फसल की बढ़वार को प्रभावित कर रहे हैं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बढ़ती गर्मी को विशेषज्ञ कीट प्रकोप का मुख्य कारण मान रहे हैं।
गन्ना विशेषज्ञ डॉ. प्रणव राणा के अनुसार, मई का महीना कीट नियंत्रण के लिहाज से बेहद अहम होता है, क्योंकि इस दौरान टॉप बोरर की दूसरी पीढ़ी तेजी से फैलती है। उन्होंने किसानों को समय रहते कीट नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं चीनी मिल प्रबंधन भी किसानों को जागरूक करने के साथ अनुदान पर बचाव सामग्री उपलब्ध करा रहा है।


















