‘प्रस्तावित’ गन्ना नियंत्रण आदेश पर विवाद, किसान संगठनों ने लगाए मिल मालिकों को फायदा पहुंचाने के आरोप

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) : सहारनपुर में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा और भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने केंद्र सरकार पर गन्ना किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, सरकार गन्ना नियंत्रण आदेश में बदलाव कर बड़े चीनी मिल मालिकों को लाभ पहुंचाने की तैयारी कर रही है, जिसे किसान किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि, मौजूदा नियमों के तहत गन्ना भुगतान में 14 दिन से अधिक देरी होने पर चीनी मिलों को किसानों को 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना पड़ता है। लेकिन नए प्रस्तावों के जरिए गांवों में संचालित छोटे कुटीर उद्योग, कोल्हू, चरखी और क्रेशरों पर इंस्पेक्टर राज थोपकर उन्हें बंद करने की साजिश रची जा रही है। साथ ही नई चीनी मिलों की दूरी 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 25 किलोमीटर करने का प्रस्ताव भी छोटे उद्योगों के लिए नुकसानदायक बताया गया।

भगत सिंह वर्मा ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर मांग की कि, किसानों को गन्ने का नकद भुगतान सुनिश्चित किया जाए और भुगतान में देरी होने पर 18 प्रतिशत ब्याज वसूला जाए। उन्होंने घटतौली करने वाले मिल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रति क्विंटल एक किलो गन्ना कटौती बंद करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने एफआरपी और एसएपी व्यवस्था समाप्त कर गन्ने का मूल्य ₹700 प्रति क्विंटल नकद तय करने तथा चीनी का दाम 60 रूपये प्रति किलो करने की मांग रखी। वर्मा ने कहा कि, गन्ने से सरकार को हर साल भारी राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। बैठक में अशोक मलिक, रामकुमार, मुर्तजा सलमानी, आसिम मलिक, दुष्यंत सिंह और सुरेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here