जकार्ता : इंडोनेशिया सरकार ने घरेलू ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जुलाई 2026 से चुनिंदा क्षेत्रों में 5 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E5 ईंधन को अनिवार्य करने का फैसला किया है। ऊर्जा एवं खनिज संसाधन मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।शुरुआती चरण में यह नीति सीमित क्षेत्रों में लागू की जाएगी, क्योंकि देश में एथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल की उपलब्धता अभी सीमित है। मंत्रालय की नवीन, नवीकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा संरक्षण महानिदेशक एनिया लिस्टियानी देवी ने बताया कि ई5 ईंधन नीति को जकार्ता, पूर्वी जावा, पश्चिम जावा, मध्य जावा, योग्याकार्ता, बाली और लंपुंग क्षेत्रों में लागू किया जाएगा।
उन्होंने टंगेरांग में आयोजित आईपीए कॉन्वेक्स कार्यक्रम के दौरान कहा कि, जुलाई 2026 से कुछ चुनिंदा स्थानों पर 5 प्रतिशत बायोएथेनॉल मिश्रित ईंधन अनिवार्य किया जाएगा। ऊर्जा एवं खनिज संसाधन मंत्री बहलिल लाहाडालिया ने निर्देश दिया है कि, ईंधन में उपयोग होने वाला पूरा एथेनॉल घरेलू उत्पादकों से ही लिया जाए, आयातित एथेनॉल का उपयोग नहीं किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और विदेशी आपूर्ति श्रृंखलाओं पर निर्भरता कम होगी।सरकार ने अब तक तीन कंपनियों की पहचान की है, जिनकी संयुक्त बायोएथेनॉल उत्पादन क्षमता लगभग 26 हजार किलोलीटर है। इसी क्षमता के आधार पर शुरुआती चरण में E5 कार्यक्रम लागू किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही नया मंत्रिस्तरीय आदेश जारी किया जाएगा।
यह नीति इंडोनेशिया की B50 बायोडीजल योजना के साथ लागू होगी, जिसके तहत डीजल ईंधन में 50 प्रतिशत पाम ऑयल आधारित बायोडीजल मिलाना अनिवार्य है।सरकारी ऊर्जा कंपनी पर्टामिना ने E5 ईंधन के लिए बाजार परीक्षण पूरे कर लिए हैं और 179 स्थानों पर आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया है। कंपनी जल्द ही 30 नए स्थान और जोड़ने की योजना बना रही है। सरकार फिलहाल उत्पादकों के लिए लाइसेंस और उत्पाद शुल्क नियमों में संशोधन का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बायोफ्यूल को ऊर्जा मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में लाने से लाइसेंस प्रक्रिया आसान होगी और कई प्रशासनिक मंजूरियों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।


















