वॉशिंगटन: अमेरिका में चीनी उद्योग और दोनों दलों के सांसदों ने विदेशी चीनी आयात की जांच की मांग उठाई है। उन्होंने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) से आग्रह किया है कि, विदेशी चीनी उत्पादक देशों की कथित अनुचित और भेदभावपूर्ण व्यापार नीतियों की जांच शुरू की जाए। अमेरिकी सीनेटरों और प्रतिनिधियों के एक बड़े द्विदलीय समूह ने USTR से Section 301 जांच शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि, विदेशी देशों से सस्ती चीनी के बढ़ते आयात से अमेरिकी गन्ना और शुगरबीट किसानों, प्रोसेसरों, रिफाइनरियों और फैक्ट्री कर्मचारियों को नुकसान हो रहा है। Section 301 जांच अमेरिका के व्यापार कानून के तहत की जाने वाली एक औपचारिक जांच है, जिसके जरिए उन विदेशी नीतियों और व्यापारिक तरीकों की पड़ताल की जाती है जो अमेरिकी कारोबार को प्रभावित करते हैं।
सांसदों ने अपने पत्र में कहा कि, अमेरिकी चीनी उद्योग इस समय गंभीर संकट से गुजर रहा है। उनका आरोप है कि, कई देशों की सब्सिडी, निर्यात प्रोत्साहन और गैर-बाजार आधारित नीतियों के कारण वैश्विक बाजार में सस्ती चीनी की भरमार हो गई है, जिसका सीधा असर अमेरिकी बाजार पर पड़ रहा है। अमेरिकन शुगर एलायंस ने भी अप्रैल में इसी तरह की मांग करते हुए कहा था कि चीनी अमेरिका की खाद्य सुरक्षा के लिए रणनीतिक और आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण कृषि उत्पाद है। उद्योग का कहना है कि, कम कीमत पर हो रहे आयात के कारण घरेलू चीनी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। इसका असर किसानों की आय पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका में तय कोटा से अधिक चीनी आयात में 700 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि हुई है। उद्योग संगठनों का कहना है कि वर्तमान Tier-2 टैरिफ अब प्रभावी नहीं रहा है क्योंकि इसे पिछले 26 वर्षों से अपडेट नहीं किया गया। चीनी उद्योग का दावा है कि विदेशी आयात में बढ़ोतरी की वजह से घरेलू कच्ची चीनी की कीमत प्रति पाउंड 5 से 8 सेंट तक कम हुई है, जिससे अमेरिकी चीनी उद्योग को पिछले वर्ष करीब 1.8 अरब डॉलर तक का नुकसान हुआ।
सांसदों ने चेतावनी दी कि, यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो अमेरिकी चीनी उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता पर गंभीर असर पड़ सकता है। पत्र में यह भी बताया गया कि पिछले 10 वर्षों में अमेरिका में 14 प्रतिशत शुगरबीट प्रोसेसिंग इकाइयां और 12 प्रतिशत गन्ना मिलें एवं रिफाइनरियां बंद हो चुकी हैं। इसमें कैलिफोर्निया में शुगरबीट खेती, हवाई में गन्ना खेती और टेक्सास में चीनी उत्पादन बंद होने जैसे उदाहरण शामिल हैं।अमेरिकी सांसदों ने कहा कि घरेलू चीनी उद्योग को बचाने के लिए सरकार को जल्द प्रभावी कदम उठाने होंगे ताकि किसानों और उद्योग को विदेशी प्रतिस्पर्धा से सुरक्षा मिल सके।


















