ईरान संघर्ष का भारत के चावल निर्यात पर असर, खाड़ी देशों को बासमती की खेप हुई धीमी

मुंबई: ईरान से जुड़े जारी संघर्ष का असर अब भारत के चावल निर्यात पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, खाड़ी देशों को होने वाले बासमती चावल के निर्यात में रुकावट आने से 2026 के शुरुआती चार महीनों में भारत के चावल निर्यात में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। भारत, जो दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक है, ने जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच 83.9 लाख मीट्रिक टन चावल का निर्यात किया। यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 1.3 प्रतिशत कम है। अधिकारियों का कहना है कि, इसका सबसे अधिक असर प्रीमियम बासमती चावल के निर्यात पर पड़ा है। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव, समुद्री परिवहन में देरी और शिपिंग लागत बढ़ने से व्यापार की रफ्तार धीमी हो गई है।

निर्यातकों के मुताबिक, ईरान, इराक, कतर और सऊदी अरब के लिए भेजी जा रही चावल की खेपों में देरी हो रही है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए खरीदार और विक्रेता दोनों ही नए सौदे फिलहाल टाल रहे हैं। नई दिल्ली के एक निर्यातक ने कहा कि, जब तक क्षेत्र में तनाव बना रहेगा, तब तक चावल निर्यात सामान्य स्तर से नीचे रहने की संभावना है। भारत का गैर-बासमती चावल मुख्य रूप से बांग्लादेश, बेनिन, आइवरी कोस्ट, गिनी और कैमरून जैसे देशों को निर्यात किया जाता है। वहीं बासमती चावल का सबसे बड़ा बाजार सऊदी अरब, इराक, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल तक ईरान भारत के बासमती चावल का सबसे बड़ा खरीदार था, लेकिन अब सऊदी अरब उससे आगे निकल गया है। इस संघर्ष के चलते समुद्री बीमा और मालभाड़ा लागत भी बढ़ गई है। अमेरिका और इजराइल द्वारा इस वर्ष ईरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक व्यापार मार्गों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा है।

निर्यातकों का कहना है कि, बढ़ती ढुलाई लागत और अनिश्चितता का असर अब अफ्रीकी देशों से गैर-बासमती चावल की मांग पर भी पड़ रहा है। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के एक निर्यातक ने बताया कि अफ्रीकी बाजारों से कमजोर मांग ने भारतीय चावल व्यापार पर दबाव और बढ़ा दिया है। भारत वैश्विक चावल निर्यात में 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखता है और आमतौर पर थाईलैंड, वियतनाम और पाकिस्तान के संयुक्त निर्यात से भी अधिक चावल निर्यात करता है। ऐसे में निर्यात में आई यह सुस्ती घरेलू बाजार पर भी असर डाल सकती है। रिकॉर्ड उत्पादन के बाद इस वर्ष भारत में चावल की कीमतों में पहले ही 5 प्रतिशत से अधिक गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here