उत्तर प्रदेश : गन्ने की फसल पर ‘काला चम्पा’ का हमला, समय रहते सावधानी नहीं बरती तो हो सकता है भारी नुकसान

शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में गन्ने की फसल पर इन दिनों ‘पायरिल्ला’ कीट, जिसे आम भाषा में ‘काला चम्पा’ कहा जाता है, का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। यह कीट गन्ने की पत्तियों का रस चूसकर फसल को कमजोर कर देता है, जिससे उत्पादन और चीनी की गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती हैं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को समय रहते सतर्क रहने और फसल की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञ डॉ. हादी हुसैन खान के अनुसार, पायरिल्ला कीट गन्ने की पत्तियों के निचले हिस्से में छिपकर रस चूसता है। इसके बाद यह पत्तियों पर मल-मूत्र छोड़ता है, जिससे कजली फफूंद (ब्लैक मोल्ड) विकसित होने लगती है। इससे पत्तियां काली पड़ जाती हैं और पौधों में प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रभावित होती है। नतीजतन गन्ने की बढ़वार रुक जाती है और उसमें सुक्रोज की मात्रा घटने लगती है।

किसानों ने बताया कि, जब वे खेतों में जाते हैं तो गन्ने की पत्तियों पर बड़ी संख्या में छोटे-छोटे कीट फड़फड़ाते दिखाई देते हैं। यह पायरिल्ला के प्रकोप का स्पष्ट संकेत है। प्रभावित फसल की पत्तियां पहले पीली और बाद में काली पड़ने लगती हैं, जिससे पूरा खेत सूखा और झुलसा हुआ नजर आने लगता है। विशेषज्ञों का कहना है कि, इससे बचाव के लिए जैविक नियंत्रण सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। इसके लिए किसानों को ‘एपिरिकैनिया मेलानोल्यूका’ नामक मित्र कीट का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यह परजीवी कीट पायरिल्ला के लार्वा और प्यूपा को नष्ट कर उसकी संख्या को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित करता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यदि जैविक उपायों के बाद भी कीट का असर कम नहीं होता है, तो किसान रासायनिक छिड़काव का सहारा ले सकते हैं। इसके लिए मैलाथियान 50 ईसी की 1 मिली मात्रा प्रति लीटर पानी में मिलाकर शाम के समय छिड़काव करने की सलाह दी गई है। ध्यान रहे कि दवा का स्प्रे पत्तियों के निचले हिस्से तक जरूर पहुंचे, क्योंकि यही वह जगह है जहां यह कीट सबसे ज्यादा छिपे रहते हैं।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों की नियमित जांच करें और शुरुआती लक्षण दिखाई देते ही कृषि विशेषज्ञों से संपर्क करें। सही समय पर पहचान और उचित प्रबंधन से गन्ने की फसल को सुरक्षित रखा जा सकता है। साथ ही इससे फसल की गुणवत्ता, मिठास और सुक्रोज की मात्रा भी बनी रहती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here