देश के सहकारी चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए अलग बहुराज्यीय सहकारी सोसायटी बनाने की प्रक्रिया शुरू : केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ

पुणे : देश के सहकारी चीनी उद्योग को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय नागर विमानन एवं सहकार राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने कहा कि, सहकारी चीनी मिलों के लिए एक स्वतंत्र बहुराज्यीय सहकारी सोसायटी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे चीनी उद्योग को नई मजबूती मिलेगी और गन्ना किसानों को भी सीधा लाभ होगा। राष्ट्रीय सहकार विकास निगम द्वारा वैकुंठ मेहता राष्ट्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान में आयोजित बैठक में विभिन्न राज्यों के सहकारी चीनी मिल प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मोहोळ ने कहा कि, देश में करीब 300 सहकारी चीनी मिलें लाखोँ किसानों के गन्ने की पेराई करती हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में इन चीनी मिलों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन वर्तमान में यह उद्योग आर्थिक, तकनीकी और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि, प्रस्तावित बहुराज्यीय सहकारी सोसायटी के माध्यम से चीनी उद्योग की चक्रीय अर्थव्यवस्था (सर्कुलर इकोनॉमी) को बढ़ावा मिलेगा। इससे चीनी मिलों को मजबूती मिलेगी और किसानों की टिकाऊ गन्ना खेती को भी समर्थन मिलेगा।मंत्री मोहोळ ने सहकार मंत्रालय की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि, सहकार क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। देशभर में हजारों सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटलीकरण पर काम जारी है। आने वाले समय में सहकार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बैठक में मौजूद चीनी मिल प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया, लेकिन साथ ही सुझाव दिया कि नई सोसायटी बनाते समय चीनी उद्योग की मौजूदा आर्थिक स्थिति, कर्ज और संचालन संबंधी चुनौतियों का व्यावहारिक अध्ययन किया जाना चाहिए।प्रतिनिधियों ने कहा कि, कई चीनी मिलें कर्ज के दबाव में हैं, इसलिए नीति बनाते समय जमीनी हकीकत को ध्यान में रखा जाए।केंद्रीय सहकार मंत्रालय के संयुक्त सचिव रमण कुमार ने कहा कि, बदलते समय के साथ नई तकनीक और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली अपनाने में सहकारी चीनी मिलें पीछे रह गई हैं। इसी वजह से उद्योग कई समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार चीनी के साथ-साथ एथेनॉल, बिजली उत्पादन और अन्य उप-उत्पादों के कारोबार में भी सहकारी चीनी मिलों को मजबूत करना चाहती है। नई बहुराज्यीय सहकारी सोसायटी के जरिए चीनी मिलों को आर्थिक, तकनीकी और व्यावसायिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सहकारी चीनी उद्योग अधिक प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ बन सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here