मैसूरु : कर्नाटक सरकार द्वारा मंड्या जिले के पांडवपुरा तालुका को जैविक खेती केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना से गन्ने सहित अन्य फसलों की खेती को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने अगले तीन वर्षों में गन्ने समेत प्रमुख फसलों को जैविक प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और अधिक मूल्य प्राप्त हो सकेगा।राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में पांडवपुरा को “जैविक तालुका” घोषित किया है। इस पहल का उद्देश्य टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना, मिट्टी की उर्वरता में सुधार करना और रसायन-मुक्त खाद्य उत्पादन को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत मेलकोटे होबली को पायलट परियोजना के लिए चुना गया है, जिसमें लगभग 70 गांवों के 10,000 किसानों को शामिल किया जाएगा।
हालांकि, यह क्षेत्र रागी, सब्जियों और फूलों की खेती के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन अधिकारियों ने अपनी दीर्घकालिक योजना में गन्ने को भी प्रमुख स्थान दिया है। स्थानीय स्तर पर उत्पादित गन्ने सहित विभिन्न फसलों को अगले तीन वर्षों में जैविक प्रमाणन दिलाने की तैयारी की जा रही है। इससे किसानों के लिए नए विपणन अवसर पैदा होंगे और उनकी उपज का मूल्य भी बढ़ सकता है।इस कार्यक्रम का नेतृत्व पांडवपुरा के विधायक दर्शन पुट्टनैया कर रहे है। कृषि और बागवानी विभाग, किसान संगठन तथा स्थानीय प्रशासन भी इस अभियान में भागीदार हैं। किसानों को एक साथ पूरी जमीन पर जैविक खेती अपनाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से अपनी कुछ भूमि पर जैविक खेती शुरू करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
योजना को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर जैव-संसाधन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में जीवामृत और अन्य प्राकृतिक खादों का उत्पादन किया जाएगा। साथ ही, कृषि सखियों और ग्राम स्तरीय सामुदायिक समूहों को किसानों को जैविक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि, रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होगा और कृषि अधिक टिकाऊ बनेगी। यह पहल ऐसे समय में शुरू की गई है जब कृषि में रसायनों के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ रही है।
किसान नेताओं के अनुसार, किसानों को अपनी भूमि के छोटे हिस्से पर जैविक खेती का प्रयोग करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।उनका कहना है कि, शुरुआती दौर में उत्पादन में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन लंबे समय में बेहतर मूल्य, बढ़ती मांग और प्रीमियम बाजार इसका लाभ किसानों को दिलाएंगे। स्थानीय किसान प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में जैविक गुड़ उत्पादकों की सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि, रसायन-मुक्त गन्ना उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। यदि जैविक गन्ने की खेती का विस्तार होता है और उसे प्रमाणन प्राप्त होता है, तो मंड्या जिले के किसानों के लिए एक नया मूल्यवर्धित बाजार तैयार हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि,यह पहल देश के अन्य गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बन सकती है, जहां व्यावसायिक फसल उत्पादन के साथ जैविक खेती को जोड़कर टिकाऊ कृषि और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सकती है।


















