नई दिल्ली : भारत में घरेलू तेल और प्राकृतिक गैस उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शुक्रवार को असम और नागालैंड सरकारों के साथ एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि, इससे देश में हाइड्रोकार्बन (तेल और गैस) की खोज और उत्पादन को नई गति मिलेगी तथा नागालैंड में 31 वर्षों बाद फिर से तेल और गैस उत्पादन शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह एक बड़ा कदम है और इससे नए क्षेत्रों में तेल एवं गैस की खोज का रास्ता खुलेगा।
31 साल बाद नागालैंड में फिर शुरू होगा तेल और गैस उत्पादन…
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि, पूर्वोत्तर भारत ने देश के पेट्रोलियम उद्योग की नींव रखी थी और अब यही क्षेत्र भारत की ऊर्जा यात्रा के अगले चरण को गति देने के लिए तैयार है। इस समझौते के बाद नागालैंड में तीन दशक से अधिक समय बाद तेल और गैस उत्पादन दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर में अपार तेल और गैस भंडार…
मंत्री के अनुसार, असम के पास भारत के कुल कच्चे तेल भंडार का लगभग 22 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस भंडार का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा मौजूद है। वहीं, नागालैंड का नागा-शुप्पेन बेल्ट और असम-अराकान बेसिन विशाल अप्रयुक्त हाइड्रोकार्बन संसाधनों से समृद्ध हैं।इन क्षेत्रों में ऐसे कई भंडार मौजूद हैं जहां तेल और गैस के प्राकृतिक प्रवाह के संकेत मिले हैं, जबकि कई क्षेत्रों में अभी भी बड़े पैमाने पर संसाधनों का दोहन होना बाकी है। ऐसे में पूर्वोत्तर भारत तेल और गैस अन्वेषण एवं उत्पादन के लिए बेहद संभावनाशील क्षेत्र बनकर उभर रहा है।
निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा…
पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि, यह नया समझौता निवेशकों को नीतिगत स्थिरता और परिचालन सुरक्षा प्रदान करेगा, जिससे दीर्घकालिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।इसके अलावा, खनिज तेल संचालन दोबारा शुरू होने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में आधारभूत ढांचे का विकास होगा। साथ ही ठेकेदारों, सेवा प्रदाताओं और छोटे व्यवसायों के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।सरकार का मानना है कि यह पहल न केवल असम और नागालैंड बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


















