केन्या में आयातित चीनी पर उठे सवाल, जस्टिन मुतुरी ने स्थानीय किसानों के हितों पर जताई चिंता

नैरोबी/बुंगोमा: केन्या की चीनी उद्योग को लेकर पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर जस्टिन मुतुरी ने गंभीर सवाल उठाए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि, आयातित चीनी स्थानीय उत्पादन को कमजोर कर रही है और पश्चिमी केन्या तथा न्यांजा क्षेत्र के गन्ना किसानों की आजीविका के लिए खतरा बन रही है।बुंगोमा काउंटी के नैतिरी में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुतुरी ने मोंबासा बंदरगाह के जरिए देश में आने वाली चीनी खेपों और उनके स्थानीय कारखानों में प्रसंस्करण पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि, केन्या आज भी मॉरीशस और ब्राजील जैसे देशों से चीनी आयात कर रहा है, जबकि देश के गन्ना किसान अपनी उपज के लिए स्थायी बाजार तलाशने को मजबूर हैं। मुतुरी ने दावा किया कि, मोंबासा पहुंचने वाली कुछ चीनी लंबे समय तक पड़ी रहती है और बाद में उसे स्थानीय कारखानों में प्रसंस्करण के लिए भेज दिया जाता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसुमू में चीनी की री-पैकेजिंग के आरोप…

मुतुरी की यह टिप्पणी हाल ही में सामने आई एक मीडिया जांच रिपोर्ट के बाद आई है। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि, मोंबासा बंदरगाह के जरिए आयात की गई औद्योगिक श्रेणी (इंडस्ट्रियल ग्रेड) की कच्ची चीनी को स्थानीय स्तर पर प्रसंस्कृत कर घरेलू उपभोग के लिए दोबारा पैक करके बाजार में बेचा जा रहा है।रिपोर्ट के अनुसार, बड़ी मात्रा में कच्ची गन्ना चीनी को औद्योगिक उपयोग की श्रेणी में आयात किया जाता है, जिस पर परिष्कृत (रिफाइंड) चीनी की तुलना में कम कर लगता है। बाद में इस चीनी को न्यूनतम प्रसंस्करण के बाद नए ब्रांड नामों से पैक कर थोक और खुदरा बाजारों में भेजा जाता है। उद्योग से जुड़े कुछ सूत्रों ने दावा किया कि यह प्रक्रिया अब व्यापक और व्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा और कर राजस्व पर भी चिंता…

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, औद्योगिक उपयोग के लिए आयातित चीनी में अशुद्धियां और अवशेष हो सकते हैं, जो सीधे मानव उपभोग के लिए उपयुक्त नहीं होते। ऐसे में यदि इस चीनी को घरेलू उपभोग के लिए बेचा जाता है, तो यह खाद्य सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय हो सकता है।साथ ही, कम कर वाली श्रेणी में आयात की गई चीनी यदि बाद में उपभोक्ता बाजार में बेची जाती है, तो इससे सरकार को कर राजस्व का भी बड़ा नुकसान हो सकता है।

गन्ना किसानों की मुश्किलें बढ़ीं…

मुतुरी ने आयातित चीनी के बढ़ते उपयोग को पश्चिमी केन्या और न्यांजा क्षेत्र के गन्ना किसानों की समस्याओं से जोड़ा। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही भुगतान में देरी, गन्ने के कम दाम और सीमित पेराई सुविधाओं जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जबकि बाजार में आयातित चीनी का दबदबा बढ़ता जा रहा है। किसानों का लंबे समय से आरोप रहा है कि कटाई के मौसम में सस्ती आयातित चीनी बाजार में भर जाती है, जिससे स्थानीय गन्ने की मांग घट जाती है और किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। मुतुरी ने चेतावनी दी कि यदि केन्या आयातित चीनी पर अत्यधिक निर्भर बना रहा, तो देश की स्थानीय कृषि और चीनी उद्योग को गंभीर नुकसान हो सकता है।

नियामकीय खामियों पर भी सवाल…

मीडिया जांच में चीनी क्षेत्र की निगरानी और नियमन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ चीनी खेपों के आयात और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है तथा संबंधित एजेंसियों की निगरानी क्षमता सीमित है। हालांकि, रिपोर्ट में उद्धृत अधिकारियों ने इस वर्ष किसी संदिग्ध चीनी आयात को मंजूरी देने से इनकार किया है। उनका कहना है कि संस्थागत चुनौतियों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण निर्णय लेने में कठिनाइयां आई हैं। वहीं, सीमा शुल्क विभाग (कस्टम्स) कथित रूप से कुछ ऐसी खेपों की समीक्षा कर रहा है जिनमें वर्गीकरण और कर भुगतान से जुड़ी अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here