उत्तर प्रदेश : गन्ना किसानों को बड़ी राहत का संकेत, अगली बार 400 रुपये से अधिक गन्ना मूल्य करने का मंत्री ने दिलाया भरोसा

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि, राज्य सरकार ने गन्ने का मूल्य 400 रुपये तक पहुंचाया है और आगामी सीजन में इसे 400 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, सरकार किसानों की आय बढ़ाने और गन्ना खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पुरकाजी स्थित खंड विकास कार्यालय में आयोजित जन कल्याण शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि, केंद्र और प्रदेश सरकार किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। गन्ना किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ-साथ समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि, पिछली सरकारों के दौरान गन्ना किसानों का भुगतान लंबे समय तक लंबित रहता था और चीनी मिलों पर भारी बकाया था। लेकिन वर्तमान सरकार ने किसानों के रुके हुए भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर कराया है। उनके अनुसार, गन्ना किसानों के हितों की रक्षा और भुगतान व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अनिल कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम करते हुए कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में गन्ना किसानों को और अधिक लाभकारी मूल्य तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में गन्ना समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here