महाराष्ट्र के निवेशकों को बिहार के चीनी और एथेनॉल उद्योग में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान

पुणे: बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजयकुमार पासवान ने महाराष्ट्र के उद्योगपतियों और निवेशकों से बिहार में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों का लाभ उठाने तथा राज्य के औद्योगिक विकास में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया है। वे पुणे में आयोजित एक निवेशक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, बिहार में उद्योगों के लिए पर्याप्त कच्चा माल, जल संसाधन और मेहनती श्रमिक उपलब्ध हैं, जिससे राज्य निवेश के लिए बेहद अनुकूल बन गया है। यह निवेशक सम्मेलन बिहार सरकार, टू सिग्मा कंपनी के निदेशक चंद्रशेखर ओगले तथा तिरहुत उद्योग के निदेशक कल्पना बाजपेयी और हरेंद्र कुमार बाजपेयी की ओर से रेसिडेंसी क्लब में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में अरुंधती पुरंदरे ने निवेश संबंधी विषयों पर मार्गदर्शन किया, जबकि मानसी नायडू ने कार्यक्रम का संचालन किया।

एथेनॉल उद्योग में अपार संभावनाएं : मंत्री संजय कुमार पासवान

ChiniMandi WhatsApp Channel

मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि, वे केवल बिहार सरकार के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में महाराष्ट्र आए हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने उद्योग जगत में देश और विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अब महाराष्ट्र के उद्यमी अपने तकनीकी ज्ञान और निवेश क्षमता का उपयोग कर बिहार को भी औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि, बिहार में चीनी उद्योग के साथ-साथ एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। आने वाले समय में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में एथेनॉल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बिहार के गन्ना उद्योग आयुक्त अनिल कुमार झा ने बताया कि चंपारण में महात्मा गांधी के सफल आंदोलन के बाद गन्ने की खेती को बढ़ावा मिला और तभी से वहां चीनी उद्योग का तेजी से विकास हुआ।

‘वीएसआई’ का दौरा कर जानी आधुनिक गन्ना उत्पादन तकनीक…

बिहार में चीनी और एथेनॉल उत्पादन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से मंत्री संजय कुमार पासवान ने शनिवार और रविवार को पुणे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (वीएसआई) का दौरा कर आधुनिक गन्ना खेती तकनीकों और उच्च उत्पादकता वाली किस्मों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दौंड शुगर फैक्ट्री का दौरा कर चीनी उत्पादन को अधिकतम करने और गन्ना उद्योग से अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त करने की प्रक्रियाओं का अध्ययन किया। उन्होंने निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ बैठक कर बिहार के गन्ना उद्योग में उपलब्ध व्यापक अवसरों की जानकारी भी साझा की।

निवेशकों ने दिखाई सकारात्मक रुचि…

गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, निवेशकों ने बिहार के गन्ना उद्योग, एथेनॉल उत्पादन, बायो-सीएनजी तथा अन्य कृषि आधारित उद्योगों में निवेश करने को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बिहार के गन्ना उद्योग का आधुनिकीकरण, एथेनॉल एवं जैव ऊर्जा क्षेत्र का विस्तार, कृषि आधारित उद्योगों में निवेश आकर्षित करना और किसानों की आय बढ़ाने के लिए नए अवसरों की तलाश करना था। साथ ही निवेशकों से सीधे संवाद कर राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने का प्रयास भी किया गया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here