भारत की चीनी निर्यात रोक से नेपाल की बढ़ी चिंता, अगले तीन साल तक आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका

काठमांडू/नई दिल्ली : भारत द्वारा चीनी निर्यात पर लगाई गई रोक के बीच नेपाल की चिंताएं और बढ़ सकती हैं।एनडीटिव्ही इंडिया में प्रकाशित खबर में कहा गया है की एक नई रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि, भारत आने वाले कम से कम तीन वर्षों तक निर्यात के लिए अतिरिक्त चीनी उपलब्ध कराने की स्थिति में नहीं होगा।ऐसे में नेपाल समेत कई आयातक देशों को चीनी की आपूर्ति और कीमतों को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

एल नीनो और एथेनॉल की बढ़ती मांग बनी बड़ी वजह…

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में गन्ना उत्पादन पर एल नीनो से जुड़ी मौसमीय चुनौतियों का असर पड़ सकता है। इसके साथ ही एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने और चीनी के बढ़ते उपयोग से घरेलू उपलब्धता पर दबाव बढ़ रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि, इन दोनों कारणों से वैश्विक बाजार में लाखों टन चीनी की कमी हो सकती है। इसका प्रभाव एशिया, अफ्रीका और मध्य-पूर्व के उन देशों पर पड़ेगा, जो अपनी जरूरतों के लिए चीनी आयात पर निर्भर हैं।

वैश्विक चीनी बाजार में भारत की अहम भूमिका…

भारत लंबे समय तक दुनिया के प्रमुख चीनी निर्यातकों में शामिल रहा है और वैश्विक मांग एवं आपूर्ति के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि भारत लंबे समय तक निर्यात बाजार से दूर रहता है, तो अंतरराष्ट्रीय चीनी व्यापार का संतुलन प्रभावित हो सकता है।मौसम संबंधी जोखिमों और बायोफ्यूल नीतियों में बदलाव पहले से ही वैश्विक चीनी व्यापार को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में भारत की सीमित मौजूदगी बाजार में अस्थिरता को और बढ़ा सकती है।

नेपाल में उत्पादन घटा, आयात पर बढ़ी निर्भरता…

नेपाल का घरेलू चीनी उत्पादन पिछले कुछ वर्षों में लगातार घटा है। किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण कई किसानों ने गन्ने की खेती कम कर दी, जिससे उत्पादन में गिरावट आई है।जानकारी के अनुसार, नेपाल में पहले लगभग 1.55 लाख टन चीनी का वार्षिक उत्पादन होता था, जो अब घटकर करीब 1.20 लाख टन रह गया है। दूसरी ओर देश की सालाना चीनी खपत लगभग 3 लाख टन है। ऐसे में नेपाल को अपनी कुल जरूरत का लगभग दो-तिहाई हिस्सा आयात के जरिए पूरा करना पड़ता है।

निर्यात प्रतिबंध के बाद बढ़ने लगी कीमतें…

भारत सरकार ने घरेलू बाजार में पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से 30 सितंबर 2026 तक चीनी निर्यात पर रोक लगा रखी है।इस फैसले का असर नेपाल के बाजार में भी दिखाई देने लगा है। पिछले एक महीने के दौरान नेपाल में चीनी की खुदरा कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जहां कुछ समय पहले चीनी लगभग 95 नेपाली रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही थी, वहीं अब अधिकांश बाजारों में इसकी कीमत 110 नेपाली रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई है।

आने वाले समय में बढ़ सकती हैं चुनौतियां…

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भारत में गन्ना उत्पादन और एथेनॉल की मांग के बीच संतुलन नहीं बन पाया, तो आने वाले वर्षों में चीनी निर्यात सीमित रह सकता है। इसका असर नेपाल जैसे आयात-निर्भर देशों पर सबसे अधिक पड़ेगा, जहां पहले से ही घरेलू उत्पादन मांग के मुकाबले काफी कम है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here