नई दिल्ली : दुनिया में तेल संकट की आशंकाओं के बीच अब चीनी बाजार में भी बड़ी हलचल के संकेत मिल रहे हैं। कमजोर मॉनसून और एथेनॉल की बढ़ती मांग के कारण भारत में गन्ने की फसल पर संकट गहराता नजर आ रहा है। ‘एनडीटिव्ही इंडिया’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, विशेषज्ञों का मानना है कि गन्ना उत्पादन प्रभावित होने से चीनी का उत्पादन घट सकता है, जिससे वैश्विक बाजार में चीनी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, अल नीनो के प्रभाव से इस वर्ष मॉनसून कमजोर रहने की संभावना है, जिसका सीधा असर गन्ने की खेती पर पड़ सकता है।दूसरी ओर, पेट्रोल में मिश्रण के लिए एथेनॉल की बढ़ती मांग के चलते भी गन्ने की खपत लगातार बढ़ रही है। इन दोनों कारणों से चीनी उत्पादन पर दबाव बढ़ गया है।
भारत दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक और निर्यातक देशों में शामिल है। ऐसे में घरेलू जरूरतों को देखते हुए सरकार अगले तीन वर्षों तक चीनी निर्यात पर सख्त रुख अपना सकती है। यदि ऐसा होता है तो एशिया, अफ्रीका और मध्य पूर्व के कई देशों में चीनी की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ सकती हैं।उद्योग से जुड़े अनुमानों के मुताबिक, चालू सीजन में देश में करीब 309.5 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान था, लेकिन अब यह घटकर लगभग 279 लाख टन रह सकता है। वहीं देश की वार्षिक खपत करीब 285 लाख टन है। ऐसे में आगामी सीजन की शुरुआत तक चीनी का स्टॉक घटकर केवल 35 लाख टन रहने की संभावना है, जो पिछले तीन दशकों का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि, वर्ष 2015 में भी अल नीनो के कारण गन्ने की बुवाई प्रभावित हुई थी, जिसके चलते 2016-17 में भारत को चीनी आयात करनी पड़ी थी। यदि मौसम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और एथेनॉल की मांग इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले वर्षों में चीनी बाजार पर दबाव और बढ़ सकता है। गन्ना किसानों, चीनी मिलों और उद्योग जगत की निगाहें अब मॉनसून की प्रगति और सरकार की निर्यात नीति पर टिकी हैं, क्योंकि यही दोनों कारक भविष्य में चीनी की उपलब्धता और कीमतों की दिशा तय करेंगे।


















