सुवा: गन्ना किसानों ने सरकार से मांग की है कि, कटाई से पहले गन्ने का गारंटीकृत मूल्य 85 डॉलर से बढ़ाकर 110 डॉलर प्रति टन किया जाए। किसानों का कहना है कि, कटाई और ढुलाई (cartage) की बढ़ती लागत के कारण मौजूदा कीमत पर खेती करना अब मुमकिन नहीं रह गया है। यह मांग सरकार द्वारा दी गई 5 डॉलर की ईंधन सब्सिडी और ‘फिजियन कॉम्पिटिशन एंड कंज्यूमर कमीशन’ (FCCC) द्वारा गन्ने की मशीनीकृत कटाई व ढुलाई की दरों में की गई बढ़ोतरी के बाद आई है, जो 23 जून से लागू हो चुकी है।
किसानों के अनुसार, कटाई की लागत में हुई इस बढ़ोतरी का बोझ किसानों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा, हमारे खेत से मिल तक का परिवहन भत्ता फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (FSC) द्वारा दिया जाएगा, लेकिन कटर की बढ़ी हुई दरों का भुगतान खुद किसान को करना होगा। फिलहाल, गारंटीकृत मूल्य 85 डॉलर है और इसे 110 डॉलर करने की मांग बिल्कुल जायज है। अगर 110 डॉलर का मूल्य तय हो जाता है, तो हम गन्ने की कटाई के लिए तैयार हैं।
लॉरी एसोसिएशन के अध्यक्ष आतिश कुमार ने कहा कि, संशोधित दरें केवल एक महीने के लिए लागू होंगी और उन्होंने सवाल उठाया कि यह बढ़ोतरी सिर्फ राकिराकि के लिए ही क्यों लागू की गई है। उन्होंने कहा, हार्वेस्टर दर तो बढ़ा दी गई है, लेकिन राकिराकि से बा तक जाने वाले ट्रकों की दरें FCCC द्वारा नियंत्रित हैं। बा (Ba) के किसान जसवीर लाल ने कहा कि, कटाई की ऊंची दरों से उत्पादकों का मुनाफा और कम हो जाएगा। उन्होंने कहा, कई ऑपरेटरों के पास ट्रक तो हैं लेकिन वे गन्ना नहीं उगाते। वर्तमान में मिल रहा 85 डॉलर का मूल्य काफी नहीं है। जब तक यह 110 डॉलर नहीं होता, तब तक किसानों के साथ न्याय नहीं होगा।
तवुआ के किसान सरवन कुमार ने कहा कि, बढ़ती महंगाई और जीवन यापन की लागत को देखते हुए गन्ने के गारंटीकृत मूल्य में वृद्धि पूरी तरह सही है। वहीं, बा की ही महिला किसान ओलिविया लिकुसिगा ने कहा कि छोटे स्तर के उत्पादकों के लिए परिचालन लागत में अचानक आई इस तेजी का बोझ उठाना बेहद मुश्किल हो रहा है। सीकाका के किसान जोसेफा तुरागाबेसी ने कहा, “सरकार द्वारा वादा की गई सब्सिडी के बावजूद, बढ़ी हुई दरों के कारण पेराई सत्र खत्म होने के बाद मेरी जेब में बहुत कम पैसे बचेंगे।”
किसानों ने कहा कि, जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे गन्ने की कटाई नहीं करेंगे। उन्होंने सरकार से ‘नेशनल फार्मर्स यूनियन’ (NFU) के साथ सीधे बातचीत करने की अपील की है। किसान ईंधन संकट के कारण बढ़ी लागत की भरपाई के लिए 60 डॉलर प्रति टन की डिलीवरी कीमत की भी मांग कर रहे हैं। मशीनीकृत कटाई की लागत में 30 प्रतिशत की वृद्धि होने के कारण किसानों का कहना है कि उन्हें प्रति टन 6 से 7 डॉलर का अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ सकता है। NFU के महासचिव महेंद्र चौधरी ने कहा कि यह मुद्दा कमाई से जुड़ा है, राजनीति से नहीं। FCCC द्वारा स्वीकृत नई दरों के तहत, मशीनीकृत कटाई का शुल्क 30.3 प्रतिशत बढ़कर 18.90 डॉलर से 24.63 डॉलर प्रति टन हो गया है, जबकि स्वीकृत गन्ना ढुलाई दरों में 25.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।


















