तेहरान: ईरान के वरिष्ठ नेता और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के पूर्व कमांडर मेजर जनरल मोहसिन रज़ाई ने होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक ‘बीमा व्यवस्था’ (इंश्योरेंस मैकेनिज्म) बनाने का प्रस्ताव दिया है। उनका कहना है, कि यदि किसी जहाज के साथ दुर्घटना या कोई अन्य घटना होती है, तो उसे बीमा सुरक्षा मिलनी चाहिए, ताकि जोखिम कम किया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का खर्च ईरानी जनता पर नहीं, बल्कि इस मार्ग से तेल परिवहन करने वाली कंपनियों पर डाला जाना चाहिए।
अमेरिका स्थित न्यूज़नेशन को दिए एक साक्षात्कार में ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सलाहकार मोहसिन रज़ाई ने कहा कि, होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए टोल टैक्स, सेवा शुल्क और सुरक्षा खर्च को लेकर चर्चा चल रही है।रज़ाई ने कहा कि, ईरान इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उनका मानना है कि, जहाजों के लिए बीमा व्यवस्था लागू होने से दुर्घटनाओं या अन्य जोखिमों की स्थिति में नुकसान की भरपाई संभव होगी।
उन्होंने कहा कि, ईरान सुरक्षा और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराता है, इसलिए इन सेवाओं की लागत ईरानी नागरिकों पर नहीं डाली जानी चाहिए। इसके बजाय, होरमुज़ जलडमरूमध्य से तेल ले जाने वाली कंपनियों से शुल्क वसूला जाना चाहिए।होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने का मुद्दा इस समय ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता का एक प्रमुख विषय बना हुआ है।ईरान का तर्क है कि, इस रणनीतिक समुद्री मार्ग का उपयोग करने वाले जहाजों को सुरक्षा और सेवाओं के लिए योगदान देना चाहिए, जबकि अमेरिका ने किसी भी प्रकार के टोल या पारगमन शुल्क का लगातार विरोध किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान के इस प्रस्ताव को अस्वीकार्य बताया है।उन्होंने कहा कि, यदि ईरान के साथ किसी समझौते में जहाजों पर शुल्क लगाने का प्रावधान शामिल हुआ तो यह उनके लिए स्वीकार्य नहीं होगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि दुनिया के अन्य समुद्री मार्गों पर भी इसी तरह के शुल्क लगाए जाने लगे, तो इससे वैश्विक समुद्री व्यापार पर बड़ा असर पड़ेगा।हालांकि, ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिका को आश्वासन दिया है कि होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर कोई टोल, बीमा शुल्क या अन्य अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह दावा गलत साबित हुआ तो दोनों देशों के बीच चल रही वार्ताएं तुरंत समाप्त कर दी जाएंगी।
दुनिया के समुद्री तेल व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा होरमुज़ जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। ऐसे में इस मार्ग पर किसी भी तरह का शुल्क या नया नियम वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।


















