नेपाल सरकार चालू वित्त वर्ष में ही जारी करेगी गन्ना सब्सिडी, 12 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

काठमांडू : नेपाल सरकार ने इस बार गन्ना किसानों को राहत देते हुए चालू वित्त वर्ष के भीतर ही गन्ना सब्सिडी जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।इससे पहले के वर्षों में गन्ना पेराई सत्र समाप्त होने के लगभग 10 महीने बाद, आमतौर पर अक्टूबर या नवंबर में सब्सिडी का भुगतान किया जाता था।इस वर्ष कृषि विभाग द्वारा सब्सिडी की राशि पहले ही महोत्तरी जिला कोष एवं नियंत्रक कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। अब अधिकारियों ने किसानों के बैंक खातों में सीधे सब्सिडी राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार के इस फैसले से गन्ना किसानों में उम्मीद जगी है। किसानों का कहना है कि, समय पर सब्सिडी जारी करने का निर्णय सरकार के सकारात्मक रवैये को दर्शाता है।

महोत्तरी जिला कोष एवं नियंत्रक कार्यालय के प्रमुख बाल कृष्ण अधिकारी ने बताया कि, पिछले वित्त वर्ष में किसानों को 35 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी दी गई थी। हालांकि, जिला गन्ना सब्सिडी भुगतान समिति की सिफारिश के आधार पर इस वर्ष सब्सिडी बढ़ाकर फिर से 70 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है। इसके लिए कार्यालय को 20.07 करोड़ रुपये (200.76 मिलियन रुपये) की राशि प्राप्त हुई है।समिति ने 23 अप्रैल को अपनी सिफारिश में बताया था कि एवरेस्ट शुगर मिल्स (रामनगर, महोत्तरी) और सिद्धिविनायक शुगर मिल्स (गौशाला-12) ने मिलकर 28,67,987 क्विंटल गन्ने की खरीद की है, जिसके आधार पर सब्सिडी देने की अनुशंसा की गई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

आंकड़ों के अनुसार, एवरेस्ट शुगर मिल्स ने चालू पेराई सत्र में 11,818 किसानों से 28,53,179 क्विंटल गन्ना खरीदा, जबकि सिद्धिविनायक शुगर मिल्स ने 214 किसानों से 14,808 क्विंटल गन्ने की खरीद की। कोष एवं नियंत्रक कार्यालय के लेखाकार सुमन राउत ने बताया कि कृषि विभाग से सब्सिडी की पूरी राशि प्राप्त हो चुकी है। जिला गन्ना सब्सिडी भुगतान समिति के निर्णय के अनुसार 9 जुलाई तक 12,032 किसानों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि सीधे जमा कर दी जाएगी।

पिछली सरकार द्वारा गन्ना सब्सिडी 70 रुपये से घटाकर 35 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने के बाद किसानों ने जिला स्तर से लेकर राजधानी काठमांडू तक विरोध प्रदर्शन किए थे। इसके बाद सरकार ने किसानों की मांग स्वीकार करते हुए सब्सिडी को दोबारा 70 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया था।गन्ना उत्पादक महासंघ की केंद्रीय समिति के सदस्य महाशंकर थिंग ने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों से किए गए समझौते को लागू करते हुए न केवल सब्सिडी को 70 रुपये प्रति क्विंटल बहाल किया है, बल्कि चालू पेराई सत्र और वित्त वर्ष के भीतर भुगतान करने का भी फैसला लिया है, जो किसानों के लिए सकारात्मक कदम है।

उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से उम्मीद बढ़ी है कि वह किसानों की मांग के अनुरूप गन्ने का समर्थन मूल्य भी संशोधित करेगी। उन्होंने सरकार से बाजार मूल्य और उत्पादन लागत के बीच बढ़ते अंतर का वैज्ञानिक मूल्यांकन कर गन्ना किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की अपील की।हालांकि, किसान अभी भी चालू पेराई सत्र के लिए घोषित समर्थन मूल्य से संतुष्ट नहीं हैं। किसानों ने 2025-26 पेराई सत्र के लिए 750 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसे 620 रुपये प्रति क्विंटल ही निर्धारित किया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here