काठमांडू : नेपाल के सरलाही जिले में दशैं त्योहार से पहले गन्ना किसानों की आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। अन्नपूर्णा शुगर इंडस्ट्री ने करीब सात महीने पहले खरीदे गए गन्ने का भुगतान अब तक नहीं किया है। इसके चलते हजारों किसान अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार कर रहे हैं। पश्चिम धनकौल स्थित इस चीनी मिल ने अप्रैल के मध्य तक गन्ने की पेराई पूरी कर ली थी। हालांकि, 27 फरवरी के बाद खरीदे गए गन्ने का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। 2025-26 के पेराई सत्र के दौरान अन्नपूर्णा शुगर इंडस्ट्री ने 3,186 किसानों से कुल 9,93,752.67 क्विंटल गन्ना खरीदा था। इस गन्ने की कुल कीमत 61,61,27,655 नेपाली रुपये बताई गई है। इसके बावजूद किसानों को अब तक अपनी उपज का पूरा भुगतान नहीं मिल पाया है।
भुगतान में देरी को लेकर मिल मालिक गिरफ्तार
किसानों के बकाया भुगतान में देरी के मामले में जुलाई में पुलिस ने मिल मालिक शैलेन्द्र गुप्ता को गिरफ्तार किया था। गन्ना किसानों की शिकायतों के बाद बकाया राशि किस्तों में चुकाने पर सहमति जताने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था।किसानों का आरोप है कि, इसके बावजूद मिल प्रबंधन भुगतान में लगातार देरी कर रहा है। जब भी किसान अपनी बकाया राशि लेने के लिए मिल पहुंचते हैं, तो उन्हें नए बहाने बताकर वापस भेज दिया जाता है। किसानों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नपूर्णा शुगर इंडस्ट्री के प्रशासनिक प्रमुख रमेश श्रीवास्तव ने कहा कि, चीनी की बिक्री से होने वाली आय के जरिए बकाया भुगतान धीरे-धीरे किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि, अगले पेराई सत्र के लिए फैक्ट्री का संचालन शुरू होने से पहले सभी लंबित भुगतानों का निपटारा कर दिया जाएगा।


















