उत्तर प्रदेश : चीनी मिल की पेराई क्षमता 10 हजार टीसीडी करने को मंजूरी, अंबेडकरनगर के गन्ना किसानों को बड़ी राहत

अंबेडकरनगर: जिले के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की अकबरपुर इकाई की पेराई क्षमता 7,500 टन प्रतिदिन (टीसीडी) से बढ़ाकर 10,000 टीसीडी किए जाने के प्रस्ताव को लोक सुनवाई में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से हजारों गन्ना किसानों को समय पर गन्ने की पेराई की सुविधा मिलेगी और मिल की उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। शुक्रवार को ग्राम मिझौड़ा स्थित अकबरपुर चीनी मिल परिसर में उत्तर प्रदेश पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अयोध्या की ओर से आयोजित लोक सुनवाई की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इस दौरान मिल प्रबंधन ने क्षमता विस्तार से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

पर्यावरणीय सलाहकार डॉ. मनोज गर्ग ने प्रस्तावित विस्तार योजना, उसके संभावित पर्यावरणीय प्रभावों और उनके प्रभावी प्रबंधन के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षमता वृद्धि के बावजूद पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। लोक सुनवाई में प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद उपस्थित ग्रामीणों और किसानों ने अकबरपुर चीनी मिल की पेराई क्षमता 7,500 टीसीडी से बढ़ाकर 10,000 टीसीडी किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति दे दी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मिल के एजीएम सुशील कुमार ने बताया कि, क्षमता बढ़ने के बाद पेराई सत्र के दौरान 20 से 25 लाख क्विंटल अतिरिक्त गन्ने की कम समय में पेराई की जा सकेगी। इससे किसानों को गन्ना आपूर्ति के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनकी फसल का समय पर निस्तारण हो सकेगा।लोक सुनवाई में क्षेत्रीय अधिकारी आरवी सिंह, भीटी एसडीएम नीरज गौतम, मिल इकाई प्रमुख पंकज शाही, पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. मनोज गर्ग, क्षेत्र के गन्ना किसान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here