E85 पेट्रोल होगा और सस्ता! केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कीमत को लेकर किया बड़ा ऐलान

नई दिल्ली : देश में एथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने E85 पेट्रोल को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि E85 ईंधन की कीमत मौजूदा E20 पेट्रोल की तुलना में करीब 20 रुपये प्रति लीटर कम होगी। ऐसे में इसकी संभावित कीमत 80 से 85 रुपये प्रति लीटर के बीच हो सकती है। ‘न्यूज़ 18 हिंदी’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, मंत्री ने बताया कि सरकार E85 ईंधन को जल्द बड़े स्तर पर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। फिलहाल यह कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही उपलब्ध है, लेकिन आने वाले समय में इसकी पहुंच बढ़ाई जाएगी।

एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने का है सरकार का लक्ष्य…

ChiniMandi WhatsApp Channel

केंद्र सरकार का दीर्घकालिक लक्ष्य पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को 85 प्रतिशत तक पहुंचाना है। हालांकि, E85 ईंधन का उपयोग केवल फ्लेक्स-फ्यूल इंजन वाली गाड़ियों में ही किया जा सकेगा। इसके लिए वाहन निर्माताओं को ऐसे नए मॉडल बाजार में उतारने होंगे, जिनमें इस ईंधन का सुरक्षित उपयोग संभव हो। हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने से देश को अब तक लगभग 309.98 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल के आयात में कमी लाने में सफलता मिली है। इससे विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से अब तक 931.502 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) के उत्सर्जन में कमी आई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण मदद मिली है।

इंजन खराब होने की शिकायतों को सरकार ने नकारा…

E20 पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर इंजन खराब होने और माइलेज घटने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, सरकार के पास एथेनॉल मिश्रित ईंधन से इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने बताया कि, मारुति सुजुकी ने करीब 1.5 करोड़ वाहनों की सर्विसिंग की है और किसी भी वाहन में एथेनॉल के कारण नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इंश्योरेंस कंपनियों से जुड़े मुद्दों का भी समाधान कर लिया गया है।

बेहतर प्रदर्शन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर…

मंत्री ने कहा कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन से इंजन को नुकसान नहीं होता, बल्कि बेहतर ऑक्टेन रेटिंग और बेहतर एक्सीलरेशन जैसे फायदे मिलते हैं। उनका कहना है कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पर्यावरण के अनुकूल तकनीक अपनाना जरूरी है और एथेनॉल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, दूसरी ओर कई वाहन चालक दावा कर रहे हैं कि E20 ईंधन के उपयोग से उनकी गाड़ियों का माइलेज कम हुआ है और कुछ मामलों में इंजन संबंधी समस्याएं भी सामने आई हैं। फिलहाल सरकार ने इन दावों को स्वीकार नहीं किया है और कहा है कि उपलब्ध आंकड़ों में ऐसी समस्याओं की पुष्टि नहीं हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here