सब्सिडी वाले चावल के दुरुपयोग पर डिस्टिलरी होगी जिम्मेदार, FCI ने दी आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी

नई दिल्ली : भारत सरकार के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत डिस्टिलरियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सब्सिडी वाले चावल के उपयोग पर भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने निगरानी और सख्त कर दी है। FCI ने स्पष्ट किया है कि, अब चावल उठाने के बाद उसके सही उपयोग की पूरी जिम्मेदारी संबंधित डिस्टिलरी की होगी। यदि चावल का दुरुपयोग या कहीं और इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित इकाई के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। एफसीआई का यह कदम सब्सिडी वाले खाद्यान्न की हेराफेरी रोकने और इथेनॉल आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

चावल जारी करने से पहले देना होगा लिखित आश्वासन

ChiniMandi WhatsApp Channel

एफसीआई द्वारा जारी संशोधित परिचालन दिशा-निर्देशों (ऑपरेशनल गाइडलाइंस) के अनुसार, चावल जारी करने से पहले डिपो प्रबंधक डिस्टिलरी के अधिकृत प्रतिनिधि से एक लिखित शपथ-पत्र (अंडरटेकिंग) लेंगे। इसमें डिस्टिलरी यह स्वीकार करेगी कि एफसीआई डिपो से चावल निकलने के बाद उसके उचित उपयोग की पूरी जिम्मेदारी उसी की होगी।

दुरुपयोग मिलने पर होगी आपराधिक कार्रवाई

एफसीआई ने स्पष्ट किया है कि यदि जारी किए गए चावल का उपयोग निर्धारित उद्देश्य यानी एथेनॉल उत्पादन के अलावा किसी अन्य कार्य में किया जाता है या उसके दुरुपयोग की जानकारी किसी भी स्तर पर मिलती है, तो निगम संबंधित डिस्टिलरी या एजेंसी के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगा। इसमें आपराधिक मुकदमा दर्ज करना भी शामिल होगा।

चावल उठाने के लिए तय प्रक्रिया का पालन जरूरी

नई व्यवस्था के तहत एथेनॉल उत्पादन के लिए आवंटित सब्सिडी वाला चावल प्राप्त करने हेतु डिस्टिलरी के अधिकृत प्रतिनिधि को रिलीज आदेश में उल्लेखित एफसीआई डिपो पर पहुंचना होगा। साथ ही, चावल ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के पंजीकरण नंबर और जिस गोदाम में चावल पहुंचाया जाएगा, उसका पूरा विवरण भी देना होगा।

‘फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट’ नियम का होगा पालन

एफसीआई ने डिपो प्रबंधकों और गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चावल का वितरण ‘फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट (FIFO)’ प्रणाली के तहत किया जाए। साथ ही, खाद्यान्न केवल डिस्टिलरी के अधिकृत प्रतिनिधि को ही सौंपा जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here