भारत-केंद्रित फंडों से 2024 के शिखर के बाद करीब 60% विदेशी निवेश निकला, एआई निवेश बना प्रमुख वजह: रिपोर्ट

नई दिल्ली : वैश्विक निवेशकों का रुझान अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े निवेश अवसरों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर भारत-केंद्रित इक्विटी फंडों पर भी दिखाई दे रहा है। एलारा कैपिटल की एक शोध रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023-24 के निवेश उछाल के दौरान भारत-केंद्रित फंडों में आए विदेशी निवेश का करीब 60 प्रतिशत अब वापस निकाल लिया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच भारत-केंद्रित फंडों में लगभग 20 अरब डॉलर का विदेशी निवेश आया था। हालांकि, अब तक इनमें से लगभग 12 अरब डॉलर की निकासी हो चुकी है।रिपोर्ट में कहा गया है कि, जनवरी 2026 से निवेशकों द्वारा निकासी की रफ्तार और तेज हो गई है, क्योंकि वे एआई आधारित निवेश में पूंजी लगा रहे हैं। भारत-केंद्रित फंडों में निवेश की गति फिलहाल कमजोर बनी हुई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक भारत-केंद्रित फंडों से 9 अरब डॉलर निकाले जा चुके हैं। इनमें 7 अरब डॉलर लॉन्ग-ओनली फंडों से और 2 अरब डॉलर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) से निकाले गए हैं।एलारा कैपिटल का कहना है कि, वैश्विक निवेशकों की प्राथमिकता अब एआई आधारित कंपनियों और परियोजनाओं की ओर बढ़ रही है। हालांकि, शुरुआती दौर की तुलना में अब निवेशक अधिक चुनिंदा कंपनियों में ही निवेश कर रहे हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि, एआई से जुड़ा व्यापक निवेश अब कुछ सीमित कंपनियों तक सिमटता जा रहा है, जबकि पहले पूरे एआई इकोसिस्टम में निवेश का उत्साह था।रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-मई में बाजार में आई गिरावट के बाद विदेशी निवेशकों ने दक्षिण कोरिया और ताइवान के विशेष फंडों में दोबारा निवेश शुरू किया है। हालांकि, यह खरीदारी एआई निवेश के चरम दौर की तुलना में अभी काफी धीमी है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि, गोल्ड फंडों में एक सप्ताह के दौरान 31.7 करोड़ डॉलर (317 मिलियन डॉलर) का निवेश आया। अप्रैल से लगातार लगभग 14 अरब डॉलर की निकासी के बाद यह पहली बार सकारात्मक निवेश प्रवाह दर्ज किया गया है। इसके अलावा, सिल्वर फंडों पर भी निवेश निकासी का दबाव हाल के सप्ताहों में कम हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी शेयर बाजार में 27 अरब डॉलर का नया निवेश आया, जिससे पिछले दो सप्ताह की निकासी की भरपाई हो गई। वहीं, यूरोप में भी लगभग तीन महीने बाद पहली बार साप्ताहिक आधार पर सकारात्मक निवेश प्रवाह दर्ज किया गया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here