उत्तर प्रदेश : गन्ने की खेती में होगा एआई का इस्तेमाल, पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए रामपुर और सीतापुर को चुना

रामपुर : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के किसान अब जल्द ही आधुनिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित खेती की ओर बढ़ेंगे। सरकार की नई पहल के तहत गन्ने की खेती में एआई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे किसानों की पैदावार और आय दोनों बढ़ाने का लक्ष्य है। प्रदेश सरकार ने कृषि क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए रामपुर और सीतापुर को चुना है। इस परियोजना का उद्देश्य खेती को तकनीक से जोड़ना, किसानों को बेहतर सुविधाएं देना और कृषि योजनाओं में पारदर्शिता लाना है। कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पायलट प्रोजेक्ट के तहत किसानों को ई-टोकन के माध्यम से खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें जैविक खेती अपनाने, रासायनिक उर्वरकों का कम इस्तेमाल करने और उन्नत खेती के आधुनिक तरीके सिखाए जाएंगे।

इस योजना में डिजिटल कृषि डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिसमें किसानों की जमीन और खेती से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज होगी। साथ ही ड्रोन तकनीक से फसलों की निगरानी, रोगों की पहचान और कीटनाशकों व जीवामृत का सटीक छिड़काव किया जाएगा। कृषि विभाग का कहना है कि, एआई तकनीक के जरिए गन्ने की पैदावार बढ़ाने में बेहतर परिणाम मिले हैं। इसके अलावा फसल कटाई के बाद की तकनीकों, बायोचार उत्पादन, पराली से जैविक खाद तैयार करने और मशरूम, मिलेट्स व हल्दी जैसी आधुनिक खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रामपुर को इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि फार्मर रजिस्ट्री के मामले में यह जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां लगभग 94 प्रतिशत किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जिले में कृषि विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार करीब 2.30 लाख किसान दर्ज हैं। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि इस योजना से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में पारदर्शिता आएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here