कुशीनगर: कसया तहसील क्षेत्र के रामपुरपट्टी गांव में लगातार हो रही बारिश के बाद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों में कई दिनों से पानी जमा होने के कारण धान, मक्का और गन्ने की खड़ी फसलें बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश के चलते गांव के आसपास के खेतों में पानी भर गया है। पानी की निकासी के लिए पर्याप्त नाला या अन्य व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कचरे के कारण जमुआ जोर पुल भी जाम हो गया है, जिससे पानी की निकासी और प्रभावित हो रही है।किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण फसलों की जड़ें सड़ने लगी हैं। इससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
प्रभावित किसानों ने शासन और प्रशासन से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि, खेतों से पानी निकालने के लिए तत्काल उचित व्यवस्था की जाए और फसल नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।किसानों ने कहा कि जब तक खेतों से पानी नहीं निकलेगा, तब तक फसलों को बचाना मुश्किल होगा और नुकसान लगातार बढ़ता जाएगा।


















