बुलंदशहर: अनूपशहर परिषद के ग्राम तोली में गुरुवार को गन्ना विकास विभाग की ओर से ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे-सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। गन्ना सर्वेक्षण वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उनके गन्ना सर्वेक्षण और सट्टे से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना था।जिला गन्ना अधिकारी सना आफरीन ने किसानों से अपने गन्ना सर्वे और सट्टे का ध्यानपूर्वक निरीक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्लॉट के क्षेत्रफल, गन्ने की प्रजाति, पौधा, पेड़ी या अन्य विवरण में कोई गलती नजर आए, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज कराकर उसमें आवश्यक सुधार कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान गन्ना समिति के नए सदस्य बनाए जाने के लिए चलाए जा रहे नामांकन अभियान की जानकारी भी किसानों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र गन्ना किसानों से समिति की सदस्यता लेने का आग्रह किया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, अनूपशहर डॉ. अनुज कुमार ने किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को इन योजनाओं के लाभ, पात्रता, प्रीमियम और पंजीकरण प्रक्रिया समझाते हुए स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों को इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान गांव में स्थापित गन्ना पौधशाला का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने 0.100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में तैयार Co.S. 18231 प्रजाति की पौधशाला का जायजा लिया। पौधशाला की गुणवत्ता और फसल की स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने किसानों को शुद्ध एवं उन्नत बीजों के इस्तेमाल और नई गन्ना प्रजातियों के विस्तार पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, बुलंदशहर रिपु दमन और अनूपशहर चीनी मिल के सीसीओ के.पी. सिसोदिया भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों को गन्ना सर्वेक्षण, सर्वे सुधार, उन्नत गन्ना खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज, समय पर कृषि कार्य और विभागीय योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।


















