बरेली: बहेड़ी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसानों ने शनिवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पैदल मार्च निकाला। मार्च के बाद किसान कोतवाली पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम गोपाल शर्मा को सौंपा।ज्ञापन में किसानों ने कहा कि, क्षेत्र की जनता लंबे समय से कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, जिनका जल्द समाधान जरूरी है। किसानों की प्रमुख मांगों में केसर चीनी मिल, बहेड़ी पर बकाया करीब 160 करोड़ रुपये के गन्ना भुगतान को तत्काल जारी करना शामिल है। किसानों के अनुसार, यह राशि पिछले और चालू वर्ष की बकाया है। भुगतान होने से किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
किसानों ने केसर चीनी मिल की मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित जमीन की दोबारा पारदर्शी तरीके से नीलामी कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।इसके अलावा, किसानों ने बहेड़ी–शकरस–फरीदपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण की मांग की। ज्ञापन में बहेड़ी-मुड़िया फीडर से शकरस होते हुए अलीगंज तक जाने वाली 11 हजार वोल्ट की जर्जर बिजली लाइन का मुद्दा भी उठाया गया।
किसानों का कहना है कि यह बिजली लाइन खेतों के बीच से गुजरती है। तार टूटने की स्थिति में फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। उन्होंने जर्जर लाइन को सड़क किनारे स्थानांतरित करने और पुराने तारों को बदलने की मांग की।किसानों ने ग्राम बिजौरिया में बढ़ते बंदरों के आतंक पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि बंदरों के कारण बच्चों, ग्रामीणों और फसलों को काफी नुकसान हो रहा है। किसानों ने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने की मांग की।
पैदल मार्च में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश मीडिया प्रभारी चौधरी अजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता चौधरी सुरेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगेश पाल सिंह, युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वंश सिंह, न्याय पंचायत अध्यक्ष भोजीपुरा जय सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।इस दौरान रघुवीर मौर्य, प्रमोद मौर्य, अजय पाल सिंह, इंद्रजीत कश्यप, अंबा प्रसाद मौर्य, धर्मवीर कश्यप, महाराणा सिंह, शोएब अहमद, तौसीफ, हरीश कश्यप, नवल किशोर मौर्य और महेंद्र पाल गंगवार समेत कई किसान मौजूद रहे।


















